पुणे में पॉडार इंटरनेशनल स्कूल का भारी स्लाइडिंग गेट गिरने से सिक्योरिटी गार्ड की मौत, कर्मचारियों ने लगाए लापरवाही के आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि रोजाना छात्रों, अभिभावकों और स्टाफ के इस्तेमाल वाले गेट की समय रहते मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था.

Pune Gate Collapse: पुणे के वाकड़ स्थित पॉडार इंटरनेशनल स्कूल में एक दर्दनाक हादसे में 52 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड संजय नागनाथ कांबले की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि स्कूल का भारी-भरकम स्लाइडिंग गेट खोलते समय अचानक उन पर गिर पड़ा. गंभीर रूप से घायल कांबले ने दो दिन तक अस्पताल में इलाज के बाद दम तोड़ दिया. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगे हैं. पुणे में पानी की कटौती: मरम्मत कार्य के चलते आज कई इलाकों में दिनभर नहीं आएगा पानी, जलापूर्ति रहेगी बंद

गेट खोलते समय हुआ हादसा

यह हादसा 31 जुलाई की सुबह करीब 8:10 बजे हुआ. अशोकनगर (ताथावडे) निवासी संजय कांबले स्कूल का मुख्य स्लाइडिंग गेट खोल रहे थे. इसी दौरान करीब दो टन वजनी गेट अचानक अपनी जगह से खिसककर उन पर गिर गया.

हादसे में उनके चेहरे, नाक और भौंह के पास गंभीर चोटें आईं. उन्हें तुरंत वाकड़ के लाइफपॉइंट मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया. हालांकि, इलाज के बावजूद 2 अगस्त की शाम 4:45 बजे उनकी मौत हो गई.

 

पुणे में गेट गिरा:

कर्मचारियों ने लगाए गंभीर आरोप

स्कूल के कर्मचारियों और सहकर्मियों का आरोप है कि स्लाइडिंग गेट में काफी समय से अलाइनमेंट की समस्या थी. उन्होंने दावा किया कि गेट की खराब स्थिति को लेकर कई बार स्कूल प्रबंधन को शिकायत दी गई थी और जल्द मरम्मत कराने की मांग भी की गई थी.

हालांकि, आरोप है कि इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसकी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ. फिलहाल स्कूल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में भारी नाराजगी है. उनका कहना है कि रोजाना छात्रों, अभिभावकों और स्टाफ के इस्तेमाल वाले गेट की समय रहते मरम्मत कर दी जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था.

लोगों ने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या (Culpable Homicide) का मामला दर्ज करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. साथ ही यह भी जांच की मांग उठी है कि स्कूल में नियमित सुरक्षा निरीक्षण और मेंटेनेंस किया जा रहा था या नहीं.

पुलिस करेगी मामले की जांच

जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि गेट की तकनीकी स्थिति क्या थी, क्या पहले इसकी खराबी की शिकायतें दर्ज कराई गई थीं और क्या रखरखाव में किसी तरह की लापरवाही इस हादसे की वजह बनी.

Share Now