पुलवामा हमला: आतंकवाद पर भारत के खिलाफ चीन, पाकिस्तानी मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी घोषित कराने की मांग को फिर नकारा

चीन ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी' घोषित कराए जाने की भारत की अपील का समर्थन करने से एक बार फिर इनकार कर दिया.

आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर (photo credits: PTI

चीन (China) ने शुक्रवार को पुलवामा आतंकवादी हमले (Pulwama Terror Attack) की निंदा की है, लेकिन उसने पाकिस्तान (Pakistan) स्थित आतंकवादी समूह जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के सरगना मसूद अजहर (Masood Azhar) को संयुक्त राष्ट्र द्वारा 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी' (Global Terrorist) घोषित कराए जाने की भारत (India) की अपील का समर्थन करने से एक बार फिर इनकार कर दिया. चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग (Geng Shuang) ने पत्रकारों से कहा, 'चीन आत्मघाती हमले की खबरों से वाकिफ है. हम इस हमले से गहरे सदमे में हैं और मृतकों व घायलों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करते हैं.' गेंग ने कहा, 'हम आतंकवाद के किसी भी रूप की कड़ी निंदा और पुरजोर विरोध करते हैं. उम्मीद है कि संबंधित क्षेत्रीय देश आतंकवाद से निपटने के लिए एक दूसरे का सहयोग करेंगे और इस क्षेत्र में शांति और स्थायित्व के लिये मिलकर काम करेंगे.'

मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा 'अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी' घोषित कराने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, 'जहां तक सूचीबद्ध करने की बात हैं, मैं बस यही बता सकता हूं कि सुरक्षा परिषद की 1267 समिति के आतंकवादी संगठनों को सूचीबद्ध करने की प्रक्रिया और नियम स्पष्ट हैं.' मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध करने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सभी सदस्य देशों से भारत की अपील के बारे में उन्होंने कहा, 'जैश-ए-मोहम्मद को सुरक्षा परिषद की आतंकवाद प्रतिबंध सूची में रखा गया है. चीन संबंधित प्रतिबंधों के मुद्दे से रचनात्मक और जिम्मेदार तरीके से निबटना जारी रखेगा.' यह भी पढ़ें- पुलवामा आतंकी हमला: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा- इस हमले के लिए जिम्मेदार मुजरिमों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए

गौरतलब है कि जम्मू और कश्मीर में गुरुवार को सीआरपीएफ के काफिले पर आत्मघाती हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद और कई अन्य घायल हुए हैं. जैश के एक आत्मघाती हमलावर ने 100 किलोग्राम विस्फोटक से लदे वाहन से बस को टक्कर मार दी.

भाषा इनपुट

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 2nd T20I Match Scorecard: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से रौंदा, सीरीज में 2-0 की बनाई बढ़त; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

New Zealand vs India, 2nd T20I Match Scorecard: क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा, ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने खेली शानदार पारियां; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

New Zealand vs India, 2nd T20I Match Live Score Update: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा रहा है सीरीज का दूसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

India vs New Zealand 2nd T20I Live Toss And Scorecard: क्राइस्टचर्च में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड