प्रयागराज: महाकुंभ पहुंचे राकेश टिकैत ने की योगी सरकार की तारीफ, अखिलेश यादव को दिया करारा जवाब
प्रयागराज महाकुंभ 2025 में किसान नेता राकेश टिकैत ने योगी सरकार की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की तारीफ की। अखिलेश यादव के सवालों पर पलटवार करते हुए टिकैत ने कहा कि गंगा में डुबकी लगाकर सभी को बुराइयां छोड़नी चाहिए.
प्रयागराज में महाकुंभ के आयोजन ने सभी का ध्यान खींचा है, और इस बार किसान नेता राकेश टिकैत भी संगम में स्नान के लिए पहुंचे. महाकुंभ की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था देखकर उन्होंने योगी सरकार की खुलकर तारीफ की. टिकैत ने कहा, "सरकार और सफाई कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहिए. इतनी बड़ी संख्या में लोग आए, फिर भी व्यवस्था शानदार रही."
संगम में स्नान के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए टिकैत ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के महाकुंभ को लेकर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा, "अगर भीड़ नहीं दिख रही तो भीड़ भेज दें. सरकार ने रेल, बस और टोल फ्री कर दिया है, जिसे आना है वो आए. राजनीति को अलग रखकर ऐसे आयोजनों में शामिल होना चाहिए. साथ ही, गंगा स्नान करके लोग नशा और बुरी आदतें छोड़कर जाएं. यही महाकुंभ का संदेश है."
अखिलेश यादव के सवाल और टिकैत की प्रतिक्रिया
अखिलेश यादव ने हाल ही में महाकुंभ की व्यवस्थाओं और सरकारी आंकड़ों पर सवाल खड़े किए थे. उन्होंने कहा था कि कई ट्रेनें खाली जा रही हैं और सरकारी खर्च बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया जा रहा है. इसके जवाब में राकेश टिकैत ने कहा कि व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय सबको इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बनना चाहिए.
चौधरी राकेश टिकैत जी प्रयागराज मैं आयोजित राष्ट्रीय चिंतन शिविर और किसान महाकुंभ में आगमन । pic.twitter.com/miGxpeAYpc
— prabharikhabar18 (@Prabharikhabar) January 17, 2025
अखिलेश यादव का गंगा स्नान
गौरतलब है कि मकर संक्रांति के अवसर पर अखिलेश यादव ने हरिद्वार में गंगा स्नान किया था. उन्होंने अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, "मां गंगा का आशीर्वाद लिया." प्रयागराज जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संगम तब जाएंगे, जब मां गंगा उन्हें बुलाएंगी.
महाकुंभ में जुट रही भीड़
महाकुंभ 2025 के लिए प्रशासन की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार की सराहना हो रही है. लाखों की संख्या में श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं. राकेश टिकैत जैसे नेता का सरकार के कामकाज की तारीफ करना, इस आयोजन की सफलता को और मजबूत करता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2025 02:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

