Pratapgarh Pole Collapse: यूपी के प्रतापगढ़ में बड़ा हादसा, चलती कार पर गिरा लंबा पोल, सपा नेता लाल बहादुर यादव की मौके पर मौत, CCTV में घटना कैद; VIDEO

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक भीषण हादसे में समाजवादी पार्टी के नेता लाल बहादुर यादव की जान चली गई. पेट्रोल पंप पर हाई-मास्ट पोल लगाने के दौरान पोल क्रेन से फिसलकर उनकी चलती कार पर गिर गया.

(Photo Credits NDTV)

Pratapgarh Pole Collapse: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा हुआ. बाबूगंज बाजार में एक पेट्रोल पंप पर हाई-मास्ट लाइट का खंभा (High Mast Pole) लगाते समय वह अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही एक कार पर जा गिरा. इस दुर्घटना में कार सवार समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता लाल बहादुर यादव (Lal Bahadur Yadav) की मौके पर ही मौत हो गई. यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

कैसे हुआ यह हादसा?

जानकारी के अनुसार, बाबूगंज बाजार स्थित एक पेट्रोल पंप पर लगभग 65 फीट ऊंचा और करीब 40 क्विंटल वजनी हाई-मास्ट पोल लगाने का काम चल रहा था. क्रेन (हाइड्रा) की मदद से पोल को खड़ा किया जा रहा था, तभी अचानक क्रेन का पट्टा (Strap) टूट गया. भारी-भरकम पोल सीधे सड़क से गुजर रही लाल बहादुर यादव की 'क्रेटा' कार के ड्राइविंग साइड पर गिरा.

पोल का वजन इतना अधिक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत दौड़कर राहत कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी.

हादसे में लाल बहादुर यादव की मौत

मृतक का परिचय

लाल बहादुर यादव समाजवादी पार्टी के एक सक्रिय कार्यकर्ता थे और उन्होंने वर्ष 2022 में अंतू नगर पंचायत से चुनाव भी लड़ा था. वे पेशे से PWD ठेकेदार थे और शराब के व्यवसाय से भी जुड़े थे. परिजनों के मुताबिक, वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे और उनके पीछे पत्नी सहित पांच बच्चे (चार बेटियां और एक बेटा) हैं. यह घटना उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई.

पुलिस की कार्रवाई

हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव और आक्रोश देखा गया. सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. लोगों का कहना है कि जब इतना जोखिम भरा काम चल रहा था, तो सड़क पर यातायात क्यों नहीं रोका गया?

Share Now

\