West Bengal: खड्गपुर की रैली में बरसे पीएम मोदी, बोले- हमें 5 साल दीजिए, 70 साल की बर्बादी को मिटाकर रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल और असम में अपने चुनावी अभियान पर हैं. पीएम मोदी ने बंगाल के खड़गपुर में चुनावी जनसभा से की जिसमें उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) शनिवार को पश्चिम बंगाल और असम में अपने चुनावी अभियान पर हैं. पीएम मोदी ने बंगाल के खड़गपुर में चुनावी जनसभा से की जिसमें उन्होंने ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा, खड़गपुर के इस क्षेत्र में मिनी भारत की झलक मिलती है. भारत की विविधता, अलग-अलग भाषाओं-बोलियों की ताकत यहां देखने को मिलती है. खड़गपुर का इतना लंबा रेलवे प्लेटफॉर्म, भारत की पहली IIT, इस भूमि का गौरव बढ़ाते हैं. पीएम मोदी ने कहा, मुझे गर्व है कि मेरी पार्टी के पास दिलीप घोष जैसे अध्यक्ष हैं. उन पर अनेक हमले हुए, मौत के घाट उतारने की कोशिशें हुई. लेकिन वो बंगाल के उज्ज्वल भविष्य का प्रण लेकर चल पड़े और आज पूरे बंगाल में नई ऊर्जा भर रहे हैं. Assembly Elections 2021: रात 3 से 4 बजे तक चलती हैं नड्डा-शाह की बैठकें, बनाते हैं चुनाव की रणनीति.
पीएम मोदी ने कहा, बंगाल ने कांग्रेस के कारनामें देखे हैं, वामदल की बर्बादी को अनुभव किया है और TMC ने आपके सपनों को कैसे चूर-चूर किया पिछले 70 साल में यही देखा है. हमें 5 साल का मौका दीजिए, 70 साल की बर्बादी को मिटाकर रहेंगे. पीएम मोदी ने कहा, जनसंघ के जनक इसी बंगाल के सपूत थे. इसलिए अगर यहां सही अर्थ में कोई बंगाल की पार्टी है तो वो है बीजेपी. बीजेपी के डीएनए में आशुतोष मुखर्जी और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का आचार, विचार, व्यवहार और संस्कार है.
जहां-जहां राज्यों में भाजपा सरकारें हैं, वहां केंद्र और बीजेपी की राज्य सरकार मिलकर डबल इंजन की ताकत के साथ जनता-जनार्दन की सेवा में लगे हुए हैं. हम सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं.
लेकिन यहां पश्चिम बंगाल में दीदी, विकास की हर योजना के सामने दीवार बनकर खड़ी हो गई हैं. आपने दीदी पर भरोसा किया, लेकिन दीदी ने आपको दुर्नीति दी, आपके साथ विश्वासघात किया. पीएम मोदी ने कहा, आज दीदी, दस ‘ओन्गीकार’ की बात कर रही हैं. अरे दीदी, बंगाल के लोगों ने आपको दस साल सेवा का अवसर दिया था. लेकिन आपने उन्हें लूट-मार से भरे दस साल दिए. आपने उन्हें 10 साल का भ्रष्टाचार दिया. आपने उन्हें 10 साल का कुशासन दिया.
पीएम मोदी ने कहा, दीदी से पश्चिम बंगाल के लोग 10 साल का हिसाब मांग रहे हैं. अम्फान चक्रवात का हिसाब मांगो, तो दीदी गुस्सा! राशन चोरी का जवाब मांगो, तो जेल में डाल दिया जाता है! कोयला घोटाले पर जवाब मांगो, तो पुलिस से डंडे मरवाए जाते हैं! केंद्र सरकार की तरफ से बीते वर्षों में बंगाल के लिए 33 लाख पक्के घर स्वीकृत किए गए हैं.
इनमें से लाखों घर अब भी पूरे नहीं हो पाए हैं. दीदी को लगता है कि इन सब योजनाओं का फायदा लोगों को होगा तो वो मोदी को आशीर्वाद देंगे. पीएम ने कहा, शहरों में रेहड़ी-ठेला चलाने वाला गरीब पूछ रहा है कि उनको पीएम स्वनिधि के तहत आर्थिक मदद सही से क्यों नहीं मिली?
आज बंगाल की बहनें पूछ रही हैं कि हर घर जल पहुंचाने के लिए टीएमसी सरकार को जो पैसा दिया था, वो पैसा तिजोरी में रखकर क्यों बैठ गईं? पीएम मोदी ने कहा, अरे दीदी, आपको मोदी को क्रेडिट नहीं देना था, तो मत दीजिए. लेकिन, आपने गरीब के पेट पर लात क्यों मारी? आपने रेहड़ी-पटरी वालों के पेट पर लात क्यों मारी?
पीएम मोदी ने कहा, देश निरंतर सिंगल विंडो सिस्टम की तरफ बढ़ रहा है. लेकिन पश्चिम बंगाल में एक अलग तरह का सिंगल विंडो सिस्टम बना दिया गया है. ये सिंगल विंडो है- भाइपो विंडो. पश्चिम बंगाल में इस विंडो से गुज़रे बिना कुछ नहीं हो सकता.
पीएम मोदी ने कहा, पिछले 10 साल में तृणमूल सरकार ने हर वो काम किया, जो यहां रोज़गार और स्वरोज़गार के अवसरों को रोकने वाला था. तृणमूल के वसूली गिरोहों, सिंडिकेट के कारण अनेक पुराने उद्योग बंद हो गए. यहां सिर्फ एक ही उद्योग चलने दिया गया है- माफिया उद्योग.
पीएम मोदी ने कहा, मैं बंगाल के लोगों को आश्वस्त करता हूं, कि अब दीदी को लोकतंत्र को कुचलने नहीं दिया जाएगा. पुलिस और प्रशासन को भी याद रखना चाहिए कि संविधान और लोकतंत्र की मर्यादाओं से बड़ा कुछ नहीं होता है. पीएम मोदी ने कहा, ये चुनाव विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री को बदलने का ही नहीं है, सिर्फ पॉरिबोर्तोन का नहीं है, बल्कि सोनार बांग्ला के निर्माण का संकल्प है. हर बूथ पर भारी संख्या में भाजपा के लिए मतदान हो, ये संकल्प लेकर हमें निकलना है. इस बार जोर से छाप, कमल छाप.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2021 01:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

