COVID19 वैक्सीन की सुरक्षित स्टोरेज व कोल्ड चेन की फुलप्रूफ व्यवस्था हो: CM योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोरोना वैक्सीन की सुरक्षित स्टोरेज और कोल्ड चेन के संबंध में फूलप्रूफ व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे.
लखनऊ, 19 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने राज्य में कोरोना वैक्सीन (Coronavirus Vaccine) की सुरक्षित स्टोरेज और कोल्ड चेन के संबंध में फूलप्रूफ व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री लोक भवन में आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में कोरोना वैक्सीनेशन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे थे. उन्होंने निर्देश दिया कि कोरोना वैक्सीन कंटर में वैक्सीन लगने के बाद संबंधित व्यक्ति के कुछ समय रुकने की भी व्यवस्था की जाए. इसके साथ ही वैक्सीन सेंटर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने के निर्देश भी दिए. मुख्यमंत्री ने कोविड-19 वैक्सीन के सुरक्षित स्टोरेज के साथ इसकी कोल्ड चेन को बराकरार रखने की व्यवस्था को चाक-चौबंद करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि कोविड-19 वैक्सीन के स्टोरेज सेंटर में सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं. उन्होंने कोरोना वैक्सीनेशन कार्य को ध्यान में रखते हुए बायोमेडिकल वेस्ट के समुचित निस्तारण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा प्रदेश में कोविड-19 (COVID19) का टीकाकरण कार्य निर्धारित टाइम लाइन के अनुसार संपन्न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में वैक्सीनेटर्स की उपलब्धता जरूरी है. अब जनपद स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गए हैं. उन्होंने वैक्सीन लगाने के लिए वैक्सीनेटर्स को तैयार करने का कार्य पूरी तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए हैं.
योगी ने कहा कि कोरोना वैक्सीन की मानकों के अनुरूप स्टोरेज के लिए आइसलैंड रेफ्रिजरेटर और डीपफ्रीजर भारत सरकार उपलब्ध करा रही है. प्रदेश में 2.5 लाख लीटर वैक्सीन की भंडारण क्षमता सृजित हो गई है. वैक्सीनेशन कार्य के लिए छह करोड़ सिरिंज की जरूरत होगी. अब तक 4.5 करोड़ सिरिंज का आवंटन कर दिया गया है. एक वैक्सीनेशन टीम हर रोज सौ लोगों का टीकाकरण करेगी.
उन्होंने कहा कि हर टीम के साथ एक सिपाही तथा एक होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जाएगी. जिस व्यक्ति को टीका लगाया जाएगा, उसके फोन पर टीका लगाने का समय, स्थान व दिनांक सूचित किया जाएगा. कोरोना टीकाकरण के बाद संबंधित व्यक्ति को वैक्सीनेशन सेंटर पर 30 मिनट रुकना होगा. प्रदेश में कोरोना वैक्सीन की स्टोरेज के लिए 35,000 केंद्र स्थापित होंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2020 08:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

