देश

प्रवासियों पर मेहरबान योगी सरकार, यूपी में 9 लाख श्रमिकों को मिलेगा रोजगार

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन पर बल देते हुए निवेशकों को आमंत्रित किया है. उन्होंने कहा है कि प्रदेश में स्वदेशी उत्पादन बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिसका लाभ कामगारों और श्रमिकों को मिलेगा.

प्रवासियों पर मेहरबान योगी सरकार, यूपी में 9 लाख श्रमिकों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Photo Credits: IANS)

उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव ने गुरुवार को कहा कि विभिन्न प्रदेशों से आने वाले कामगारों/श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है. इसी क्रम में 9 लाख लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे. लोकभवन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार हर हाथ को काम मिले, इस नीति पर प्रदेश सरकार काम कर रही है. इसी नीति के तहत इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन सहित अन्य औद्योगिक संस्थाओं के साथ शुक्रवार को एमओयू साइन किया जा रहा है. इससे नौ लाख लोगों को रोजगार मिलेगा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों से अपील करते हुए कहा है कि उनके योगदान से प्रदेश में स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन को गति मिलेगी, साथ ही बहुत से लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा. मुख्यमंत्री कहा है कि प्रदेश में कोरोना की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. रेलवे अभियान का संभवत: इस माह समापन हो जाए. इसलिए जो भी श्रमिक व कामगार यूपी में वापसी करना चाहते हैं इस महीने तक वापसी कर लें.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने स्वदेशी वस्तुओं के उत्पादन पर बल देते हुए निवेशकों को आमंत्रित किया है. उन्होंने कहा है कि प्रदेश में स्वदेशी उत्पादन बढ़ने से रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिसका लाभ कामगारों और श्रमिकों को मिलेगा.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर पल्स ऑक्सीमीटर की खरीद शुरू कर दी गई है. पल्स ऑक्सीमीटर को पूरे प्रदेश में वितरित करने का आदेश मुख्यमंत्री ने दिया है. प्रदेश में कार्यरत एएनएम, आशा वर्कर व फील्ड में तैनात अधिकारियों को शीघ्र ही पल्स ऑक्सीमीटर उपलब्ध करा दिया जाएगा.

अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिया है कि स्वास्थ्य मंत्री व स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करें और मौजूदा हालात की समीक्षा करें. मुख्यमंत्री ने गुरुवार को खुद श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए. उनके निर्देश पर कोरोना संक्रमण के उपचार के लिए मौजूद 78 बेड्स को एक ह़फ्ते में 1 लाख करने का आश्वासन स्वास्थ्य विभाग ने दिया है.

उन्होंने बताया कि योगी ने गृह व पुलिस विभाग को निर्देश दिया है कि प्रदेश में जो भी बिना मास्क के घूमते मिले, उससे नियमानुसार जुर्माना लिया जाए. साथ ही 5-5 रुपये में सरकार मास्क भी मुहैया करवा रही है. अवस्थी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के लिए लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। गुरुवार को 2 बजे तक यूपी में 1411 ट्रेन आ गई हैं, जिनमें 19 लाख 15 हजार लोग आए हैं.

उन्होंने बताया कि 63 अन्य ट्रेनें भी आने वाली हैं. इसके अलावा भी 140 ट्रेनों के आने की सहमति दी गई है. उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 27 लाख से अधिक लोगों की वापसी हो गई है.

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2020 08:38 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).