एजेंसी न्यूज

UP Elections 2022: बसपा ने जारी की 53 उम्मीदवारों की सूची, मायावती ने कहा- "सपा व भाजपा की है मिलीभगत"

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 53 उम्मीदवारों की घोषणा की. चौथे चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होगा.

UP Elections 2022: बसपा ने जारी की 53 उम्मीदवारों की सूची, मायावती ने कहा-
बसपा अध्यक्ष मायावती (Photo Credit : Twitter)

लखनऊ, 28 जनवरी: बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) ने उत्तर प्रदेश में चौथे चरण के विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2022) के लिए शुक्रवार को 53 उम्मीदवारों की घोषणा की. चौथे चरण में नौ जिलों की 59 सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होगा. शुक्रवार को बसपा प्रमुख (Mayawati) ने चौथे चरण के 53 उम्मीदवारों की सूची ट्विटर पर साझा की. समाजवादी पार्टी का बड़ा ऐलान, कहा- सरकार बनने पर गन्ना किसानों का 15 दिन में होगा भुगतान

उन्होंने ट्वीट किया, ''उप्र विधानसभा चुनाव में जिस प्रकार धर्म व जाति की राजनीति हावी है व मीडिया में भी ऐसी खबरें भरी पड़ी रहती हैं, उससे ऐसा लगता है कि यह सब सपा व भाजपा की अंदरूनी मिलीभगत के तहत ही हो रहा है और वे चुनाव को हिंदू-मुस्लिम व जातीय नफरती रंग देना चाहती हैं. जनता सतर्क रहे.''

बसपा की इस सूची में पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, बांदा और फतेहपुर के उम्मीदवारों के नाम घोषित किये गये हैं. बसपा ने अपनी सूची में दलितों, पिछड़ों और अगड़ों के साथ ही अल्पसंख्यकों का भी संतुलन बनाया है.

जारी सूची के मुताबिक पीलीभीत के बीसलपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व मंत्री अनीस खां उर्फ फूल बाबू को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि लखीमपुर खीरी जिले की निघासन सीट पर बसपा ने मनमोहन मौर्य को मौका दिया है. पिछले वर्ष तीन अक्टूबर को निघासन क्षेत्र में किसान आंदोलन के दौरान भड़की हिंसा में चार किसानों और एक पत्रकार समेत आठ लोग मारे गए थे.

इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा और उसके सहयोगियों को आरोपी बनाया गया जो इस समय जेल में निरुद्ध हैं. बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस मामले में किसानों के पक्ष में बोलते हुए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को कटघरे में खड़ा किया था.

बसपा की सूची में लखनऊ जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार घोषित किये गये हैं जिनमें चार उम्मीदवार मुस्लिम हैं. लखनऊ की मलिहाबाद सुरक्षित सीट से जगदीश रावत, बख्शी का तालाब से सलाउद्दीन सिद्दीकी, सरोजनीनगर से मोहम्‍मद जलीस खां, लखनऊ पश्चिम से मोहम्मद कायम रजा खान, लखनऊ उत्तरी से मोहम्मद सरवर मलिक, लखनऊ पूर्वी से आशीष कुमार सिन्‍हा, लखनऊ मध्य से आशीष चंद्र श्रीवास्तव, लखनऊ कैंट से अनिल पांडेय और मोहनलालगंज सुरक्षित से देवेंद्र कुमार सरोज को उम्मीदवार बनाया गया है.

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्र रायबरेली जिले में बसपा ने पांच विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं. इस जिले में छह विधानसभा क्षेत्र हैं. उत्तर प्रदेश में चुनाव की शुरुआत 10 फरवरी को राज्य के पश्चिमी हिस्से के 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान के साथ होगी.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 28, 2022 01:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).