PM मोदी के हैदराबाद पहुंचने से पहले ही तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर चले गए बेंगलुरु, अटकलें हुईं तेज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के बृहस्पतिवार को हैदराबाद पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही तेलंगाना (Telangana) के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (K Chandrashekar Rao) बेंगलुरु रवाना हो गए. चार महीनों में यह दूसरा मौका है जब राव ने हैदराबाद दौरे के दौरान मोदी से मिलने से परहेज़ किया है.
हैदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के बृहस्पतिवार को हैदराबाद पहुंचने से कुछ घंटे पहले ही तेलंगाना (Telangana) के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (K Chandrashekar Rao) बेंगलुरु रवाना हो गए. चार महीनों में यह दूसरा मौका है जब राव ने हैदराबाद दौरे के दौरान मोदी से मिलने से परहेज़ किया है. Himachal Pradesh: सत्ता में बदलाव का ट्रेंड तोड़ने की चुनौती, मोर्चे पर जुटे हुए हैं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
इससे पहले फरवरी में, प्रधानमंत्री हैदराबाद के नजदीक ‘समानता की प्रतिमा’ का अनावरण करने यहां आए थे . सरकारी सूत्रों ने तब बताया था कि राव प्रधानमंत्री की अगवानी इसलिए नहीं कर सके थे, क्योंकि वह ‘अस्वस्थ’ थे. राव ने कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पूर्व प्रधानमंत्री एवं जनता दल (सेकुलर) के प्रमुख एच डी देवेगौड़ा से मुलाकात की और राष्ट्रीय राजनीति पर चर्चा की.
देवेगौड़ा ने बैठक के बाद ट्वीट किया, ‘‘तेलंगाना के माननीय मुख्यमंत्री श्री के चंद्रशेखर राव ने आज मेरे आवास पर मुझसे मुलाकात की. हमने राष्ट्रीय महत्व के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. यह एक स्पष्ट और सौहार्दपूर्ण बैठक थी.’’
पद्मनाभनगर स्थित आवास पर बैठक के दौरान देवेगौड़ा के बेटे एवं कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी और पोते निखिल कुमारस्वामी भी मौजूद थे.
राव ने राष्ट्रीय स्तर की राजनीति के नजरिये से महत्वपूर्ण कार्यक्रमों और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए हाल में कई दौरे किए हैं.
इसके तहत, उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की थी.
चंडीगढ़ में उन्होंने उन किसानों के परिवारों को आर्थिक सहायता की पेशकश की थी जिनकी कृषि कानूनों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के दौरान जान चली गई थी.
इस बीच मोदी इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के एक समारोह में हिस्सा लेने के लिए दोपहर में राज्य की राजधानी पहुंचे.
उन्होंने बेगमपेट हवाई अड्डे पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया, जहां उनके आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने ‘‘परिवार द्वारा संचालित पार्टियों’’ को ‘‘देश का दुश्मन’’ करार दिया.
मोदी ने बाद में आईएसबी के 2022 के स्नातकोत्तर कार्यक्रम वर्ग के स्नातक समारोह में हिस्सा लिया और छात्रों को संबोधित किया.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2022 07:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

