SP अध्यक्ष अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना, कहा- पार्टी को जश्न मनाने में कोई लोक-लाज नहीं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि जब रोम जल रहा था तो नीरो बंशी बजा रहा था. बीजेपी नेतृत्व और उसकी सरकारें भी इसे दोहराने जा रही हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी 30 मई को केंद्र सरकार के एक साल पूरा होने पर अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर वाहवाही लूटने की तैयारी में जुट गई है. बीजेपी को तो बस सत्ता सिंहासन से वास्ता है.
लखनऊ, 29 मई: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने गुरुवार को कहा कि "जब रोम जल रहा था तो नीरो बंशी बजा रहा था. बीजेपी नेतृत्व और उसकी सरकारें भी इसे दोहराने जा रही हैं." उन्होंने कहा कि बीजेपी 30 मई को केंद्र सरकार के एक साल पूरा होने पर अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर वाहवाही लूटने की तैयारी में जुट गई है. देश-प्रदेश में इसके लिए भव्य आयोजन होंगे." अखिलेश ने कहा, "यह असमय जश्न तब मनेगा, जब कोरोना महामारी से मौतें हो रही हैं और भूखे-प्यासे श्रमिक भटक रहे हैं. बीजेपी को जश्न मनाने में कोई लोकलाज नहीं है."
पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा कि 30 मई को बीजेपी द्वारा प्रस्तावित जश्न मनाने वालों के लिए यह शायद बड़ी उपलब्धि या गर्व का विषय है कि देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या डेढ़ लाख का आंकड़ा पार कर गई है. हम इस महामारी के शिकार शीर्ष देशों में आ गए हैं. अस्पतालों में, क्वारंटाइन सेंटरों में बदइंतजामी और भूखे-प्यासे श्रमिकों का पलायन जारी है.
यह भी पढ़ें: प्रवासी महिला और जच्चा-बच्चा की देखभाल के लिए देंगे 1 लाख रुपये: SP अध्यक्ष अखिलेश यादव
अखिलेश ने कहा, "बीजेपी सरकार अपने झूठ और थोथे वादों से जनता को कब तक सच्चाई से भटकाएगी? खुद 10 पैकेट बांटते हुए फोटो छपवाने वाले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 24 करोड़ से ज्यादा लोगों को राशन दिया. केंद्रीय वित्तमंत्री ने 80 करोड़ परिवारों को मदद का दावा कर दिया. अगर ये आंकड़े सच्चे हैं तो झूठा कौन है, क्या भूख से बेहाल श्रमिक, नंगे पैर तपती धरती पर दौड़ती महिलाएं और बच्चे?" सपा मुखिया ने कहा कि बीजेपी को तो बस सत्ता सिंहासन से वास्ता है. ऐसे लोगों को जनता माफ नहीं करेगी. आने वाले समय में इनका हिसाब लेगी.
(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2020 09:19 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

