CM योगी को उन्ही के खेल में मात देने की रणनीति बना रही हैं प्रियंका गांधी, ये तस्वीरें उसी ओर कर रही हैं इशारा
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की छवि इन दिनों सॉफ्ट हिंदुत्व वाली दिख रही है. उनकी कलाई में रुद्राक्ष की माला, माथे पर तिलक, सर पर पल्लू इसकी गवाही दे रहा है.
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) की छवि इन दिनों सॉफ्ट हिंदुत्व वाली दिख रही है. उनकी कलाई में रुद्राक्ष की माला, माथे पर तिलक, सर पर पल्लू इसकी गवाही दे रहा है. इस बीच प्रियंका गांधी ने गुरुवार को मौनी अमावस्या के मौके पर संगम में पवित्र डुबकी लगाई. उन्होंने हाथों में नारियल और पुष्प लेकर आराधना भी की. उन्होंने संगम में अर्घ्य दिया और पूजा की. संगम स्नान की प्रियंका की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. इसके बाद कांग्रेस महासचिव जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी से मिलने पहुंची.
प्रियंका गांधी की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर बहुत पसंद की जा रही हैं. वहीं इस बीच उनकी इस सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि को राजनीतिक रंग भी दिया जा रहा है. दरअसल यूपी में अगले साल (2022 में) विधानसभा चुनाव होने हैं. सभी पार्टियां इसकि तैयारियों में भी जुट चुकी है. ऐसे में क्या यह सॉफ्ट हिंदुत्व वाली छवि बनाकर प्रियंका गांधी सीएम योगी आदित्यनाथ को टक्कर देने चली हैं? यह बड़ा सवाल है. क्या संगम में डुबकी के बहाने प्रियंका गांधी पार्टी को सत्ता के दरवाजे तक लाना चाहती है? Farmers Protest: प्रियंका गांधी का बड़ा बयान- कांग्रेस की सरकार आएगी तो सभी कृषि बिल वापस होंगे.
संगम में लगाईं डुबकी
आज मौनी अमावस्या के दिन देश भर के बहनों भाइयों संग पवित्र संगम पर स्नान का सौभाग्य प्राप्त हुआ। बहुत दिनों से गंगा जी में नाव चलाने की साध भी पूरी हुई।
जय माँ गंगे pic.twitter.com/hUNWeSJkbf
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 11, 2021
गुरुवार को प्रियंका गांधी ने संगम में डुबकी लगाईं. गंगा के तट पर पूजा की और गंगा स्नान के बाद नाव भी चलाई. इसकी सभी तस्वीरें प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर की हैं. इसके अलावा प्रियंका गांधी ने सरकार के सामने गौमाता की देखभाल का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने इस बाबत योगी सरकार को बकायदा पत्र भी लिखा. यह जानकारी भी उन्होंने ट्वीटर पर दी.
जगतगुरु शंकराचार्य से की मुलाकात:
जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती जी से मेरी बचपन की स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं। उन्होंने मेरे पिता के रहते हुए 1990 में हमारी गृह प्रवेश की पूजा करायी थी। आज उनके सानिध्य में देश और धर्म की उदारता और सद्भाव की चर्चा की। pic.twitter.com/4VjlADSHCs
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) February 11, 2021
प्रियंका गांधी इन दिनों यूपी के हर मुद्दे को योगी सरकार के सामने बखूबी उठा रही हैं. वे राज्य के गरीब और मुश्किल में फंसे लोगों से भी लगातार मुलाकात कर रही हैं. महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर वह आए दिन योगी सरकार को घेर रही हैं. इसके अलावा हर छोटे-बड़े मुद्दे से वह खुद रूबरू होकर प्रदेश सरकार से सवाल कर रही हैं.
कुल मिलाकर कहने की बात यह है कि यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी सोशल मीडिया सहित सभी जगहों पर सक्रिय हो गई हैं. यूपी सरकार को हर दिन घेरने वाली प्रियंका गांधी अब सॉफ्ट हिंदुत्व की छवि के साथ उभर रही हैं. अब देखना यह होगा कि उनकी यह सक्रियता चुनाव में उनकी पार्टी को कितने वोट दिला पाती हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 11, 2021 09:35 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

