बीजेपी संसदीय बैठक में बोले पीएम मोदी- शांति, एकता और सद्भाव जरूरी, देश हित पार्टी से आगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में ‘'देश हित को पार्टी हित से ऊपर’ बताते हुए कहा कि विकास हमारा मंत्र है और विकास की पहली आवश्यकता एकता एवं सौहार्द है.

पीएम मोदी और अमित शाह (Photo Credit- PTI)

दिल्ली हिंसा पर जारी आरोप-प्रत्यारोप के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में ‘'देश हित को पार्टी हित से ऊपर’ बताते हुए कहा कि विकास हमारा मंत्र है और विकास की पहली आवश्यकता एकता एवं सौहार्द है. इसलिए सभी को समाज में शांति, सद्भाव और एकता सुनिश्चित करने का प्रयास करना चाहिए. संसद का सत्र शुरू होने से पहले मंगलवार को हुई बैठक में पीएम मोदी ने कहा कि विकास के लिए शांति एकता और सदभाव जरूरी है. आज भी कई पार्टियां हैं जो पार्टी हित को राष्ट्र हित से ऊपर रखती हैं.

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया, प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भी कुछ दलों द्वारा पार्टी हित को राष्ट्रीय हितों से उपर रखा जाता है. वहीं, सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पार्टी सांसदों को संदेश दिया कि देश हित पार्टी हित से ऊपर है. प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी सांसदों को समाज में शांति, सद्भाव और एकता सुनिश्चित करने के लिए काम करना चाहिए.

संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अगर मैं भारत माता की जय बोलता हूं तो सवाल उठाया जाता है. उन्होंने कहा कि हमें देश हित की लड़ाई लड़नी है, हमें देशहित को बड़ा रखना है, दल हित को पीछे रखना है. सूत्रों के अनुसार, मोदी ने कहा कि कुछ लोगों को भारत माता की जय बोलने में ‘बू’ आती है जो अत्यंत दुखद है.

बीजेपी की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह समेत कई बीजेपी सांसद मौजूद रहे. इस बीच सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी सोशल मीडिया छोड़ने का ऐलान कर चुके हैं. पीएम मोदी ने ट्वीट कर जानकारी दी थी कि वे सोशल मीडिया छोड़ देंगे और रविवार को अधिक जानकारी देंगे.

Share Now

\