MP: मंत्री के बेटे ने रेस्टोरेंट मालिक का सिर फोड़ा, कार्रवाई करने वाले 4 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
इस मामले में खुद राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल शाहपुरा थाने पहुंचे. हैरानी की बात यह है कि इस मामले में भोपाल पुलिस ने अपने सिर्फ चार पुलिसकर्मियों पर ही कार्रवाई की है.
मध्य प्रदेश: भोपाल में मोहन यादव सरकार में राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के बेटे पर मारपीट का मामला दर्ज हुआ है. आरोप है कि मंत्री के बेटे ने एक बाइक सवार के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने आए एक दंपत्ति पर भी हमला किया. इस मामले में खुद राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल शाहपुरा थाने पहुंचे. हैरानी की बात यह है कि इस मामले में भोपाल पुलिस ने अपने सिर्फ चार पुलिसकर्मियों पर ही कार्रवाई की है.
शाहपुरा थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता अलीशा सक्सेना के पति डेनिस मार्टिन ने बताया कि उनका एक रेस्टोरेंट है जिसके सामने शनिवार शाम को एक इनोवा कार रुकी जिसमें कुछ लड़के-लड़कियां सवार थे. इनोवा में सवार लड़के नीचे उतरे और एक बाइक सवार को मारने लगे.
अलीशा का आरोप है कि जब उन्होंने और उनके पति डेनिस मार्टिन ने बाइक सवार को बचाने की कोशिश की तो मारपीट कर रहे युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और अलीशा पर हमला कर दिया. आरोपी युवक खुद को मंत्री का बेटा अभिज्ञान पटेल बता रहा था.
इसी दौरान जब अलीशा के पति डेनिस उन्हें बचाने आए तो कार में सवार युवकों ने उनके सिर पर गमले और रॉड से वार किया जिससे डेनिस को गहरी चोट आई. युवकों ने बीच-बचाव करने आए रेस्टोरेंट कर्मचारी सीताराम की भी पिटाई कर दी. इसके बाद तीनों शाहपुरा थाने गए और घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई.
उधर, इस पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. पुलिस ने राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के बेटे अभिज्ञान पटेल की शिकायत पर भी काउंटर एफआईआर दर्ज की है. पीड़ित महिला जब अपने पति और रेस्टोरेंट कर्मचारी के साथ थाने पहुंची तो अभिज्ञान पटेल भी वहां पहुंच गया. थाने में भी दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया. मामला बढ़ता देख पुलिस ने अभिज्ञान पटेल के खिलाफ धारा 294, 324, 506, 34 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली.
देर रात राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल भी अपने समर्थकों के साथ शाहपुरा थाने पहुंचे और आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे के साथ मारपीट की है. देर रात इस मामले में 4 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया.
रविवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी बाइक सवार विवेक सिंह, अलीशा सक्सेना और उनके पति डेनिस मार्टिन के साथ शाहपुरा थाने पहुंचे और पुलिस से सवाल किया कि जब डेनिस के सिर पर 7-8 टांके आए हैं तो पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज क्यों नहीं किया और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई? वहीं, जीतू पटवारी का आरोप है कि बाइक सवार के खिलाफ भी अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 31, 2024 05:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

