देश

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे सरकार का कल हो सकता है कैबिनेट विस्तार, इन लोगों को मिल सकता है मंत्रीपद

महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी सरकार का कैबिनेट विस्तार मंगलवार (24 दिसंबर) को हो सकता है. उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ 28 नवंबर को ली थी. उनके साथ शिवसेना, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और कांग्रेस तीनों से दो-दो मंत्रियों ने शपथ ली थी.

महाराष्ट्र: उद्धव ठाकरे सरकार का कल हो सकता है कैबिनेट विस्तार, इन लोगों को मिल सकता है मंत्रीपद
उद्धव ठाकरे (Photo Credits: ANI)

महाराष्ट्र (Maharashtra) में उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) के नेतृत्व वाली महा विकास आघाडी (Maha Vikas Aghadi) सरकार का कैबिनेट विस्तार मंगलवार (24 दिसंबर) को हो सकता है. उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ 28 नवंबर को ली थी. उनके साथ शिवसेना (Shiv Sena), राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी (Nationalist Congress Party) और कांग्रेस (Congress) तीनों से दो-दो मंत्रियों ने शपथ ली थी. बहरहाल, मंगलवार को संभावित कैबिनेट विस्तार में शिवसेना और एनसीपी के 13-13 विधायक मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवसेना और एनसीपी के 10-10 विधायक कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं. वहीं, 3-3 विधायक राज्य मंत्री के तौर पर शपथ ले सकते हैं.

वहीं, कांग्रेस के 10 विधायक मंत्रिपरिषद में शामिल किए जा सकते हैं जिसमें 8 कैबिनेट मंत्री और 2 राज्य मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं. नेताओं की बात करें तो कांग्रेस से पृथ्वीराज चौहान, अमीन पटेल और अमित देशमुख मंत्रिपरिषद में शामिल किए जा सकते हैं. शिवसेना की बात करें तो अब्दुल सत्तार, प्रदीप जैसवाल और सुनील प्रभु को मंत्रीपद मिल सकता है. वहीं, एनसीपी से अजित पवार, नवाब मालिक और धनंजय मुंडे को मंत्रिपरिषद में शामिल किया जा सकता है. बता दें कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री समेत 43 मंत्री हो सकते हैं. यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र: सीएम उद्धव ठाकरे का बड़ा ऐलान, कहा- राज्य के किसानों का 2 लाख रुपये तक का कर्ज होगा माफ.

उल्लेखनीय है कि उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री बनने के दो सप्ताह बाद 12 दिसंबर को महाराष्ट्र सरकार में विभागों के बटवारे की घोषणा की गई थी, जिसमें शिवसेना को महत्वपूर्ण गृह विभाग मिला. शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे को गृह, शहरी विकास, वन, पर्यावरण, बिजली आपूर्ति, जल संरक्षण, पर्यटन, सार्वजनिक प्रतिष्ठानों और संसदीय मामलों का प्रभार सौंपा गया.

शिवसेना के अन्य मंत्री सुभाष देसाई को कृषि, उद्योग, उच्च व तकनीकी शिक्षा, खेल व युवा कल्याण, बागान, परिवहन, मराठी भाषा और संस्कृति मामलों व बंदरगाहों का प्रभार दिया गया. एनसीपी के मंत्री जयंत पाटिल को वित्त व योजना, आवास, जन स्वास्थ्य, सहयोग, खाद्य व नागरिक आपूर्ति, श्रम और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंपा गया. एनसीपी के ही मंत्री छगन भुजबल को सिंचाई, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, आबकारी, कौशल विकास, खाद्य व मादक पदार्थ प्रशासन विभाग दिये गए.

कांग्रेस के मंत्री बालासाहेब थोराट को राजस्व, ऊर्जा, चिकित्सा शिक्षा, स्कूली शिक्षा, पशुपालन, डेयरी और मत्स्य पालन विभाग सौंपा गया. कांग्रेस के ही नितिन राउत को पीडब्ल्यूडी, जनजातीय कल्याण, महिला व बाल विकास, वस्त्र, राहत व पुनर्वास, ओबीसी, वीजेएनटी, विशिष्ट पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग सौंपे गए. बताया जा रहा है कि मंगलवार को संभावित कैबिनेट विस्तार के दौरान कुछ विभागों में तीनों दलों के बीच अदला-बदली हो सकती है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 23, 2019 12:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).