देश

लोकसभा चुनाव 2019: ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल में पीएम नरेंद्र मोदी आज करेंगे रैली, छत्तीसगढ़ में भी करेंगे जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी और छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में रैली करेंगे.

लोकसभा चुनाव 2019: ममता बनर्जी के गढ़ पश्चिम बंगाल में पीएम नरेंद्र मोदी आज करेंगे रैली, छत्तीसगढ़ में भी करेंगे जनसभा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Photo Credits: Facebook)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) शुक्रवार को पश्चिम बंगाल (West Bengal) के जलपाईगुड़ी (Jalpaiguri) का दौरा करेंगे जहां वह राष्ट्रीय राजमार्ग-31 डी के फलाकाता-सलसलाबाड़ी खंड को फोर लेन किए जाने की आधारशिला रखेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग का यह 41.7 किलोमीटर लंबा खंड पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में आता है और इसे करीब 1938 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा. बयान में कहा गया कि पीएम मोदी जलपाईगुड़ी में हाई कोर्ट की नई सर्किट बेंच का भी उद्घाटन करेंगे. वहीं जलपाईगुड़ी के चुराभंडार से आई खबर के मुताबिक, पीएम मोदी शुक्रवार को यहां एक सार्वजनिक रैली (Public Rally) को भी संबोधित करेंगे. यह एक हफ्ते में पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी की तीसरी रैली होगी. हालांकि उनकी रैली स्थल के लिए मंजूरी को लेकर भी बीजेपी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं.

यह ममता बनर्जी के सारदा चिट फंड घोटाले में कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार से सीबीआई की “राजनीति से प्रेरित” पूछताछ के विरोध में धरना खत्म करने के तीन दिन बाद हो रही है. यहां बीजेपी सूत्रों के मुताबिक. पीएम मोदी जिले में इस मंच का इस्तेमाल ममता बनर्जी के आरोपों का “माकूल” जवाब देने के लिए कर सकते हैं और चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भी भरेंगे. बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को संदेश देने के अलावा हमें उम्मीद है कि मोदी जी तृणमूल कांग्रेस के असंवैधानिक धरने का भी समुचित जवाब देंगे. बीजेपी ने पिछले लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल की 42 सीटों में से सिर्फ दो सीटें जीती थीं लेकिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने इस बार यहां से 23 सीटें जीतने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा है.

बीजेपी के दूसरे नेताओं के मामलों की तरह ही पार्टी को जलपाईगुड़ी में प्रधानमंत्री की सभा के लिए स्थल तलाशने में दिक्कत हुई. जलपाईगुड़ी के सरकारी कॉलेज और उससे सटे स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के मैदान के लिए मंजूरी नहीं मिलने के बाद पार्टी को जलपाईगुड़ी शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर खेती की जमीन को किराये पर लेकर सभा के आयोजन के लिये बाध्य होना पड़ा. बीजेपी की राज्य इकाई के महासचिव राजू बनर्जी ने आरोप लगाया कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता बस संचालकों को चेतावनी दे रहे हैं कि भगवा पार्टी के समर्थकों को अपनी गाड़ियों में रैली स्थल पर न ले जाए.

छत्तीसगढ़ में भी करेंगे जनसभा पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में भी एक जनसभा को संबोधित करेंगे. बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को रायपुर में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी शुक्रवार को रायगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. वह सुबह दस बजे रायगढ़ के कोड़ातरई में जनसभा को संबोधित करेंगे. पार्टी के नेताओं ने बताया कि लोकसभा चुनाव 2019 के आगाज के लिए छत्तीसगढ़ में पीएम मोदी की पहली सभा होने जा रही है. राज्य में प्रधानमंत्री के प्रवास के लिए छत्तीसगढ़ बीजेपी ने तैयारी पूरी कर ली है. कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह, केन्द्रीय राज्य मंत्री विष्णुदेव साय, राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. यह भी पढ़ें- पीएम नरेंद्र मोदी लोकसभा में बोले- कांग्रेस ने सेना को निहत्था बनाए रखा, विपक्षी पार्टी नहीं चाहती वायुसेना मजबूत हो

छत्तीसगढ़ में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री मोदी पहली बार राज्य में जनसभा को संबोधित करेंगे. बीते विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था. पार्टी को 90 सीटों में से केवल 15 सीटों पर ही सफलता मिली थी.छत्तीसगढ़ में 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने राज्य की 11 सीटों में से 10 सीटों पर जीत हासिल की थी.

भाषा इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 08, 2019 12:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).