देश

लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- अभिनेता नहीं नेता चुनिए

कांग्रेस महासचिव और पार्टी की पूर्वी उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने शुक्रवार को मिरजापुर से पार्टी उम्मीदवार ललितेश पति त्रिपाठी के पक्ष में रोडशो किया....

लोकसभा चुनाव 2019: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा- अभिनेता नहीं नेता चुनिए
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Photo Credit- PTI)

मीरजापुर: कांग्रेस महासचिव और पार्टी की पूर्वी उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने शुक्रवार को मिरजापुर से पार्टी उम्मीदवार ललितेश पति त्रिपाठी के पक्ष में रोडशो किया. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को अभिनेता करार देते हुए जनता से आह्वान किया कि उन्हें अभिनेता नहीं, बल्कि नेता चुनना चाहिए. प्रियंका ने कहा, "अब आप समझ लीजिए कि आपने दुनिया के सबसे बड़े अभिनेता को प्रधानमंत्री बना दिया है. इससे तो अच्छा आप अमिताभ बच्चन को प्रधानमंत्री बना देते. वैसे भी किसी को आपके लिए कुछ नहीं करना था."

उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार में पांच करोड़ रोजगार कम हुए हैं. पिछले पांच सालों में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, हर किसी के खाते में 15 लाख रुपये भाजपा का चुनावी जुमला है. केंद्र में कांग्रेस की सरकार आएगी तो गरीबों का भविष्य चमकेगा. पिछले पांच सालों से किसान बेहाल हैं, किसानों को उपज का सही दाम नहीं मिल रहा और देश में 12 हजार किसानों ने खुदकशी की है."

यह भी पढ़ें: प्रियंका गांधी का तंज- दुनिया के सबसे बड़े एक्टर को PM बनाया, इससे अच्छा तो अमिताभ बच्चन को बना देते

कांग्रेस महासचिव ने कहा, "भाजपा का मकसद सत्ता हासिल करना है. मोदी ने पिछले लोकसभा चुनाव के वक्त किए अपने वायदों को पूरा नहीं किया. कांग्रेस झूठे वादे नहीं करती, बल्कि किसानों, गरीबों और युवाओं के हक में काम करती है." प्रियंका ने कहा, "प्रधानमंत्री देश के किसानों, मजदूरों और नौजवानों को अपने पांच साल के विकास कायरें का हिसाब नहीं दे पा रहे हैं. देश में एक ऐसी सरकार है, जो हमारी लोकतांत्रिक संस्थाओं को लगातार कमजोर करती जा रही है. भाजपा के सभी दावे खोखले हैं."

प्रियंका का रोड शो बेलतर, गिरधर का चौराहा, खजांची का चौराहा, साईं मंदिर होते हुए संकटमोचन मंदिर जाकर समाप्त हुआ. इस दौरान उन्होंने जगह-जगह रुककर लोगों से बातचीत भी की. प्रियंका का रोडशो जैसे ही वसीगंज चौराहे से गुजरा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के नारे लगाए.

गांधी के रोडशो के दौरान सड़कें खचाखच भरी रहीं. प्रियंका के ऊपर लोगों ने फूल बरसाए. इस दौरान प्रियंका लोगों से हाथ मिलाते, उनका अभिनंदन करते आगे बढ़ती रहीं. धीरे-धीरे उनका काफिला डंकीनगंज होते हुए बाटा चौराहे पर पहुंचा, जहां धक्का-मुक्की के बीच जुलूस धीरे-धीरे आगे बढ़ता रहा. रोडशो के दौरान प्रियंका गांधी ने तीन बच्चों को अपने मंच पर बुलाया और उनसे दुलार किया.

प्रियंका जब गिरधर चौराहे पर पहुंचीं तो भाजपा समर्थकों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए. कांग्रेस समर्थकों ने जवाब में 'चौकीदार चोर है' के नारे लगाए. लेकिन प्रियंका ने मोदी-मोदी के नारे लगा रहे भाजपा समर्थकों को माले पहनाए. प्रियंका का रोडशो संकटमोचन मंदिर पहुंच कर खत्म हुआ.

(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2019 04:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).