देश

लोकसभा चुनाव: पहले चरण का मतदान कल, नितीन गडकरी और अजीत सिंह समेत इन दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला करेंगे वोटर

पहले चरण में होने जा रहे चुनाव में सभी राज्यों में काफी दिलचस्प टक्कर होने वाली है। इसमें कुछ मौजूदा मुख्यमंत्रियों, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न पार्टियों के कुछ वरिष्ठ नेताओं का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा है।

लोकसभा चुनाव: पहले चरण का मतदान कल, नितीन गडकरी और अजीत सिंह समेत इन दिग्गज नेताओं की किस्मत का फैसला करेंगे वोटर
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credit: PTI)

नई दिल्ली. लोकसभा चुनावों के पहले चरण के तहत गुरुवार को होने जा रहे देश भर के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 91 लोकसभा सीटों पर चुनाव के पूरी तैयारी हो चुकी हैं। केंद्र में नई सरकार बनाने के लिए सात चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। इनके साथ-साथ आंध्र प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी मत डाले जाएंगे। ओडिशा विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान भी गुरुवार को होगा। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे।

इसके अलावा पहले चरण में असम, बिहार, छत्तीसगढ़, जम्मू एवं कश्मीर, महाराष्ट्र, मणिपुर, ओडिशा, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में भी कुछ लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। यह भी पढ़े-लोकसभा चुनाव 2019: पहले चरण के प्रचार पर आज लगेगा विराम, सहारनपुर में प्रियंका और दक्षिण में पीएम मोदी रोड शो कर भरेंगे हुंकार

पहले चरण में होने जा रहे चुनाव में सभी राज्यों में काफी दिलचस्प टक्कर होने वाली है। इसमें कुछ मौजूदा मुख्यमंत्रियों, कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न पार्टियों के कुछ वरिष्ठ नेताओं का राजनीतिक भविष्य दांव पर लगा है।

आंध्र प्रदेश में मतदाता 25 लोकसभा तथा 175 विधानसभा प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करेंगे वहीं तेलंगाना में 17 लोकसभा सीटों पर चुनाव होंगे। यहां पिछले साल विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।

उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीटों, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू एवं कश्मीर और मेघालय की दो-दो लोकसभा सीटों और छत्तीसगढ़, मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ-साथ लक्षद्वीप में एक-एक लोकसभा सीट पर 11 अप्रैल को पहले चरण के तहत मतदान होंगे। यह भी पढ़े-लोकसभा चुनाव 2019 से पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, अल्पेश ठाकोर ने छोड़ी पार्टी?

पहले चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 80 लोकसभा सीटों में से आठ सीटों, बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से चार और पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से दो सीटों पर चुनाव होंगे।

उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों में प्रमुख सहारनपुर, कैराना, गाजियाबाद, बागपत और गौतमबुद्धनगर हैं। इन सीटों पर तीन केंद्रीय मंत्री जनरल वी.के. सिंह (गाजियाबाद), सत्यपाल सिंह, (बागपत) और महेश शर्मा (गौतमबुद्धनगर) के साथ-साथ राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष अजीत सिंह तथा उनके बेटे जयंत चौधरी भी मैदान में हैं।

तेलंगाना में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी के. कविता निजामाबाद से दोबारा चुनाव लड़ेंगी जहां उत्पाद की उचित कीमत नहीं मिलने जैसी अन्य समस्याओं पर ध्यान दिलाने के लिए 178 किसानों ने आंदोलन किया था। यह सभी किसान यहां से चुनाव मैदान में हैं। कविता कांग्रेस के मधु यक्षी गौढ़ और भाजपा के डी. अरविंद के साथ त्रिकोणीय मुकाबले में हैं।

तेलंगाना में पहले चरण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम कुमार रेड्डी (नलगोंडा), पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता रेणुका चौधरी (खम्मम), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद) जैसे प्रमुख उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2019 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).