देश

केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री या धरनों के नेता: योगी आदित्यनाथ

पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर के समर्थन में यहां रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि वह दिल्ली में हमारी जीत का खाता खोलेंगे जैसे वह क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए खाता खोलते थे।’’

केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री या धरनों के नेता: योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ (Photo Credits-PTI)

नयी दिल्ली. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को आड़े हाथ लेते हुए सवाल किया कि आप प्रमुख शहर की सरकार के मुखिया हैं अथवा धरना और प्रदर्शन के नेता हैं? पूर्वी दिल्ली से भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर के समर्थन में यहां रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘हमें विश्वास है कि वह दिल्ली में हमारी जीत का खाता खोलेंगे जैसे वह क्रिकेट में भारतीय टीम के लिए खाता खोलते थे।’’ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहली बार हिंडन एयर बेस पर उतरे और दिल्ली में प्रवेश करने के बाद यहां की सड़कों की हालत देखकर वह हैरान हैं।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘आप सरकार ने दिल्ली को गड्ढों का शहर बना दिया है और शहर की जनता की भावनाओं को आहत किया है। केजरीवाल को विकास से कोई लेना-देना नहीं है और उनकी राष्ट्रीय राजधानी की बेहतरी के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।’’

केजरीवाल पर निशाना साधते हुए योगी ने पूछा कि आप संयोजक दिल्ली के मुखिया हैं या धरने के। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली में सत्ता पाने से पहले कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर हमला करते थे और अब उसी पार्टी से गठबंधन को लेकर बेचैन हैं।

आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि वह नाकाम हो चुकी है और उसे अपने गढ़ अमेठी में भी हार दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस विफल हो चुकी है क्योंकि नकारात्मक राजनीति नहीं करती। राजकुमार (राहुल गांधी) के बाद उसने शहजादी (प्रियंका गांधी वाड्रा) को उतार दिया। और उसके बाद क्या हुआ। वे अमेठी में भी हार देख रहे हैं।’’

उप्र के मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी पर अमेठी में बच्चों को गाली वाली भाषा सिखाने का भी आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘कृपया ये गाली-गलौच इटली में जाकर सिखाएं।’’

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2019 08:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).