भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर ने फिनलैंड प्रधानमंत्री एंटी रिने से की मुलाकात, आतंकवाद के मुद्दे पर हुई लंबी चर्चा
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने फिनलैंड की अपनी यात्रा के दौरान कहा कि जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म करने का भारत का फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में था. फिनलैंड के प्रधानमंत्री एंटी रिने के साथ अच्छी बातचीत हुई. अपने दौरे के समय विदेश मंत्री ने हेलसिंकी में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा का अनावरण भी किया.
विदेश मंत्री एस जयशंकर (S.Jaishankar) ने फिनलैंड की अपनी यात्रा के दौरान शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर (Jammu-Kashmir) का विशेष दर्जा खत्म करने का भारत का फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में था. उन्होंने कहा कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र भारत के पड़ोस में है.
जयशंकर ने फिनिश इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स (एफआईआईए) में भारत और विश्व-भारतीय विदेश नीति की प्राथमिकताएं विषय पर अपने संबोधन में परोक्ष रूप से पाकिस्तान का हवाला देते हुए कहा कि भारत एक मुश्किल पड़ोस में रहता है.
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान पर एस जयशंकर का बड़ा हमला, कहा- PAK आतंकवाद को मानता है अपनी विदेश नीति
जयशंकर ने कहा, "हम जानते हैं कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र हमारे पड़ोस में है... हमारा मानना है कि यह केवल एक देश के लिए नहीं बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चिंता का विषय है." अपनी यात्रा के दौरान विदेश मंत्री ने फिनलैंड के शीर्ष नेतृत्व के साथ आतंकवाद के मुद्दे पर लंबी चर्चा की.
जयशंकर ने ट्वीट किया, "फिनलैंड के प्रधानमंत्री एंटी रिने के साथ अच्छी बातचीत हुई. हमारी सरकार के सामाजिक कार्यक्रमों में उन्होंने गहरी रुचि जतायी." विदेश मंत्री ने फिनलैंड के अपने समकक्ष पेक्का हाविस्तो के साथ भी द्विपक्षीय मुद्दों पर सार्थक चर्चा की.
अपने दौरे के दौरान, विदेश मंत्री ने हेलसिंकी में महात्मा गांधी की एक प्रतिमा का अनावरण भी किया. भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद ने यह प्रतिमा फिनलैंड को प्रदान की है. इसे नामी भारतीय मूर्तिकार गौतम पाल ने बनाया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 21, 2019 10:35 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

