कांग्रेस का कटाक्ष- उम्मीद है कि आर्थिक पैकेज बीजेपी की पहली घोषणाओं जैसा नहीं होगा
पार्टी प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने यह भी कहा कि सभी जनधन खातों में 7500 रुपये डाले जाने के बाद जनता को सरकार की घोषणा पर विश्वास होगा.
नयी दिल्ली: कांग्रेस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) की ओर से आर्थिक पैकेज के ब्यौरे की जानकारी दिए जाने से पहले बुधवार को कहा कि उसे यह उम्मीद है कि यह पैकेज बीजेपी की पहले की कई बड़ी घोषणाओं और वादाखिलाफी की तरह नहीं होगा. पार्टी प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने यह भी कहा कि सभी जनधन खातों में 7500 रुपये डाले जाने के बाद जनता को सरकार की घोषणा पर विश्वास होगा. उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘ बीजेपी जनता को टोपी पहनाने और दिन में तारे दिखाने में माहिर है.’’
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज, बीजेपी की वादाखिलाफी का एक और उदाहरण साबित नहीं होगा.’’ शेरगिल के मुताबिक उम्मीद की जाती है कि यह पैकेज उसी कारखाने में नहीं बना है जहां 15 लाख रुपये का वादा किया गया था, गंगा की सफाई का वादा किया गया था, दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था और कालाधन वापस लाने का वादा किया गया था. जनता अब तभी विश्वास करेगी जब हर जनधन खाते में 7500 रुपये डाल दिए जाएंगे. यह भी पढ़ें: PM के 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज से शेयर बाजार में बहार, सेंसेक्स में 1400 अंकों से अधिक की तेजी
उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा, ‘‘ इस बार जनता को ठगा नहीं जाएगा और वित्त मंत्री की ओर से घोषित पैकेज और प्रधानमंत्री के शब्दों में तालमेल होगा और कथनी एवं करनी में अंतर नहीं होगा.’’ गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार रात 20 लाख करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की थी. वित्त मंत्री बुधवार को इसका विवरण देश के समक्ष रख सकती हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on May 13, 2020 11:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

