देश

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में साथ आए दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद, JJP और ASP गठबंधन की घोषणा की

दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी (जजपा) और चंद्रशेखर आजाद नीत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी. दोनों पार्टियों के प्रमुखों ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान किया.

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा में साथ आए दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद, JJP और ASP गठबंधन की घोषणा की
Photo- FB & X

Haryana Assembly Elections 2024: दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व वाली जननायक जनता पार्टी (जजपा) और चंद्रशेखर आजाद नीत आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी. दोनों पार्टियों के प्रमुखों ने मंगलवार को गठबंधन का ऐलान किया. दोनों नेताओं ने मंगलवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गठबंधन के तहत जजपा 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) राज्य की 20 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. चौटाला ने कहा कि गठबंधन किसानों और मजदूरों के मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगा और हरियाणा को मजबूत बनाने की दिशा में काम करेगा.

चौटाला ने कहा, ‘‘हम राज्य की सभी 90 सीटों पर जीत दर्ज करेंगे.’’ चौटाला ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ किसानों और मजदूरों का एकजुट होना हरियाणा के बेहतर भविष्य के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा.’’ बता दें, जजपा अक्टूबर 2019 से मार्च 2024 तक चार साल से अधिक समय तक हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन में थी. इसके बाद भाजपा ने जजपा के साथ संबंध तोड़ लिए थे.

ये भी पढ़ें: Haryana Assembly Elections 2024: सट्टा बाजार की भविष्यवाणी में बीजेपी को झटका, कांग्रेस को मिली राहत! यहां देखें संभावित सीटों का आंकड़ा

वहीं, चंद्रशेखर ने कहा कि वे किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के मुद्दे उठाना चाहते हैं. उत्तर प्रदेश के नगीना लोकसभा क्षेत्र से सांसद आजाद ने कहा, ‘‘ आने वाले दिनों में हरियाणा में किसानों और मजदूरों के मुद्दों को उठाने के लिए और अधिक लोग हमारे साथ जुड़ेंगे.’’ दिसंबर 2018 में मूल संगठन इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में विभाजन के बाद जननायक जनता पार्टी अस्तित्व में आई. इस बीच, हरियाणा में इनेलो के साथ गठबंधन कर विधानसभा चुनाव लड़ रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने मंगलवार को अपनी पहली सूची में चार उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए. बसपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष धर्मपाल तिगरा ने मीडिया को यह जानकारी दी.

सूची के अनुसार, जगाधरी से दर्शन लाल खेड़ा, असंध से गोपाल सिंह राणा, नारायणगढ़ से हरबिलास सिंह और अटेली सीट से ठाकुर उत्तर लाल को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके साथ ही, बसपा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करने वाली पहली बड़ी पार्टी बन गई है. हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए मतदान एक अक्टूबर को एक ही चरण में होगा और नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 27, 2024 10:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).