बिहार में आरजेडी विधायक की भतीजी और युवक का मिला मृत शव, दोनों की गोली मारकर की गई हत्या
बिहार के मुंगेर जिले में राजद विधायक की भतीजी एक युवती और एक युवक मृत अवस्था में मिले. दोनों के सिर पर गोलियों के निशान मिले हैं. पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया है. एसपी ने कहा कि दानिश ने दावा किया कि हथियार लेने के लिए शुक्रवार की रात ट्विंकल यादव के साथ आसिफ आया था.
बिहार के मुंगेर जिले में आरजेडी विधायक की भतीजी एक युवती और एक युवक मृत अवस्था में मिले. दोनों के सिर पर गोलियों के निशान मिले हैं. पुलिस ने इसे हत्या का मामला बताया है. जिले के पुलिस अधीक्षक गौरव मंगला ने बताया कि शुक्रवार शाम को जिले के मुफस्सिल थानाक्षेत्र के सदर ब्लॉक परिसर में मोहम्मद आसिफ और ट्विंकल यादव मृत मिले थे. दोनों की उम्र 25 साल थी.
एसपी ने बताया कि ट्विंकल यादव कुछ समय से दिल्ली में मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी और वह घर आयी हुई थी. मुंगेर के मौजूदा राजद विधायक विजय कुमार विजय उसके करीबी रिश्तेदार हैं. विजय 1990 के दशक में सांसद भी रहे थे.
यह भी पढ़ें : दिल्ली: गैंगवार में कुख्यात बदमाश वीरेंद्र मान की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की शुरू तलाश
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, स्थानीय युवक आसिफ के पिता सऊदी अरब में नौकरी करते हैं. पुलिस अधीक्षक ने पहले कहा था कि पहली नजर में यह प्रेम के विफल होने पर खुदकुशी करने का मामला जान पड़ता है.
अधिकारी ने कहा, बाद में पता चला कि आसिफ के दोस्त दानिश ने अपने कुछ साथियों के साथ युवती के साथ दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन दोनों ने इसका प्रतिरोध किया. गुस्से में उसने (दानिश) ने उनको गोली मार दी और फरार हो गया.
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इससे पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए दानिश ने कबूल किया कि उसने आसिफ को हथियार दिया था. उसने दावा किया कि पहले आसिफ ने ट्विंकल यादव को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली.
एसपी ने कहा कि दानिश ने दावा किया कि हथियार लेने के लिए शुक्रवार की रात ट्विंकल यादव के साथ आसिफ आया था. अभी यह साफ नहीं है कि आसिफ ने किस कारण से हथियार मंगाया था. उन्होंने कहा, "हमने इस घटना में इस्तेमाल की गयी पिस्तौल और दोनों के मोबाइल फोन दानिश से बरामद किये हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 22, 2019 08:46 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

