कांग्रेस ने वित्त मंत्री अरुण जेटली पर किया पलटवार, कहा- अपने मंत्रालय से जुड़े विषयों पर भी लिखे ब्लॉग
सरदार पटेल के पिता का नाम क्या था शीर्षक से फेसबुक पोस्ट में जेटली ने कहा कि कांग्रेस जैसी वंशवादी पार्टी में प्रतिभा और मेधा का कोई स्थान नहीं होता है. परिवार के इर्द गिर्द की भीड़ कैडर होती है.
नयी दिल्ली: कांग्रेस को ‘वंशवादी पार्टी’ करार देने के वित्त मंत्री अरूण जेटली के फेसबुक पोस्ट को लेकर विपक्षी पार्टी ने मंगलवार को उन पर पलटवार करते हुए सवाल किया कि जेटली ‘रिजर्व बैंक की स्वायत्तता पर हमले’ और अपने मंत्रालय से जुड़े अन्य विषयों पर कोई पोस्ट या ब्लॉग क्यों नहीं लिखते. पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वित्त मंत्री इस बात पर ब्लॉग क्यों नहीं लिखते कि रुपए की कीमत इतनी क्यों गिर रही है? वित्त मंत्री इस पर भी ब्लॉग क्यों नहीं लिखते कि आरबीआई की स्वायत्तता पर क्यों हमला किया जा रहा है? वित्त मंत्री इस बात पर ब्लॉग क्यों नहीं लिखते कि जब कच्चे तेल की कीमत नीचे आ रही है, फिर भी पेट्रोल और डीजल की कीमत आसमान छू रही है?’’ उन्होंने पूछा, ‘‘वित्त मंत्री इस बात पर ब्लॉग क्यों नहीं लिखते कि देश में पिछले 53 महीनों से, जो निवेश है वो कम क्यों हो गया है? वित्त मंत्री इस बात पर ब्लॉग क्यों नहीं लिखते कि करंट अकाउंट डेफिसिट क्यों बढ़ता जा रहा है?’’
तिवारी ने कहा, ‘‘दिक्कत ये है कि वित्त मंत्री हर उस चीज के बारे में बात करते हैं जो उनके मंत्रालय से संबंधित नहीं है और उसका कारण साफ है कि वित्त मंत्री जी के देखरेख में देश की जो अर्थव्यवस्था है, वो पूरी तरह से चरमरा गई है.’’ दरअसल, जेटली ने मंगलवार को कांग्रेस को ‘‘वंशवादी पार्टी’’ करार देते हुए कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में अगर मुकाबला अल्प ज्ञात परिवार के पुत्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अपने माता-पिता के कारण पहचान बनाने वाले किसी व्यक्ति के बीच होता है तो भाजपा उस चुनौती को ‘सहर्ष स्वीकार’ करेगी.
यह भी पढ़े- कांग्रेस प्रमुख गोत्र विवाद: बीजेपी ने ली चुटकी, कहा- झूठी पहचान बता रहे हैं राहुल गांधी
सरदार पटेल के पिता का नाम क्या था शीर्षक से फेसबुक पोस्ट में जेटली ने कहा कि कांग्रेस जैसी वंशवादी पार्टी में प्रतिभा और मेधा का कोई स्थान नहीं होता है. परिवार के इर्द गिर्द की भीड़ कैडर होती है. जेटली की यह पोस्ट ऐसे समय में आयी है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिवार के बारे में कांग्रेस के कुछ नेताओं के कथित बयानों को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 28, 2018 09:03 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

