देश

Coronavirus: पंजाब में बढ़ सकता है लॉकडाउन, सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिए संकेत- 27 नए मामलों में कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं

सीएम ने बताया कि कोरोना के जो 27 मामले सामने आए हैं उनमें से अधिकतर कम्युनिटी ट्रांसफर के मामले हैं. उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है.

Coronavirus: पंजाब में बढ़ सकता है लॉकडाउन, सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने दिए संकेत- 27 नए मामलों में कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Photo Credit-PTI)

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (Captain Amarinder Singh) ने कैबिनेट बैठक से पहले राज्य में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए हैं. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमने पहले भी केंद्र से पहले कर्फ्यू का फैसला ले लिया था, इसलिए कल पीएम के साथ होने वाली वीडियो कांफ्रेंसिंग से पहले ही हम आज रात को इस पर फैसला ले लेंगे. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'चिंता की बात ये है कि हम एक ऐसे मुकाम पर हैं, जहां ऐसे लोग भी संक्रमित हुए हैं जिनका कोई यात्रा का इतिहास नहीं है. सीएम ने बताया कि कोरोना के जो 27 मामले सामने आए हैं उनमें से अधिकतर कम्युनिटी ट्रांसफर के मामले हैं. उनका कोई यात्रा इतिहास नहीं है.

सीएम ने कहा कि यही कारण है कि हमें लॉकडाउन को बढ़ाने के लिए बहुत सोच-समझकर कदम उठा रहे हैं. किसानों को खेत में जाना होगा, हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि जब वे मंडी में जाएं तो सोशल डिस्टेंसिंग बरकरार रहे, इसलिए हमने मंडियों की संख्या बढ़ाई है. पुलिस और गार्ड ध्यान देंगे कि सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन हो. सीएम ने कहा कि 15 अप्रैल से राज्य में गेहूं की खरीद शुरू होगी. इस दौरान किसानों को छूट दी जाएगी.

27 नए मामलों में कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं-

लॉकडाउन को खोलने पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा, 'हम इसे चरणबद्ध तरीके से कर रहे हैं. हम जिलेवार उन किसानों को पास दे रहे हैं, जिनके पास 185 टन गेहूं खेत में है. यह एक प्रमुख ऑपरेशन है. यह एक गांव से दूसरे गांव तक होगा. हम भंडारण के लिए भी तैयार हैं, हमारे गोदाम अभी भी गेहूं को स्टोर करने के लिए खाली नहीं हैं. लेकिन, केंद्र के साथ मिलकर जितना ज्यादा हो पा रहा है हम इसपर काम कर रहे हैं.

पंजाब के सीएम ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों और चिकित्सा चिकित्सकों द्वारा जो आंकड़े मुझे दिए गए हैं उसमें बताया गया है कि, भारत के 80-85 फीसदी लोग संक्रमित हो सकते हैं, यदि ये आंकड़े सही हैं तो वे भयावह आंकड़े हैं. सीएम ने कहा कि पंजाब में सितंबर के मध्य तक 58 प्रतिशत आबादी कोरोना से संक्रमित हो सकती है. सीएम ने कहा, प्रदेश में लॉकडाउन अभी जारी रहना चाहिए, क्योंकि अगर इसे खोल दिया गया तो संक्रमण ज्यादा फैलेगा. इससे संकट बढ़ सकता है.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).