मिशन पूर्वोत्तर: असम से पीएम मोदी का बड़ा वार, कहा- चौकीदार से सिर्फ दो लोग परेशान, एक कांग्रेस और दूसरे आतंकवादी
पीएम मोदी ने जनसभा में आए लोगों से पूछा, 'आप लोग अपने चौकीदार से खुश हैं ना? आप खुश हैं, लेकिन दो लोग ऐसे हैं जो खुश नहीं है. एक है कांग्रेस का परिवार और दूसरा है आतंकियों का घर-बार. आप जब वोट देंगे तो सबसे ज्यादा कष्ट इन्हीं को होगा.
लोकसभा चुनाव 2019 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बीजेपी के लिए चुनाव-प्रचार तेज कर दिया है. शनिवार को पीएम असम के डिब्रूगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया. यहां उन्होंने असम के चाय उद्योग के बहाने कांग्रेस पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को हर चायवाले से नफरत है और चायवालों का दर्द एक चायवाला ही समझ सकता है. उन्होंने कहा कि भारत ने दुश्मन के घर में घुसकर मारा, पूरा देश इससे खुश है मगर कांग्रेस के परिवार और आतंकियों के घर-बार में बेचैनी है.
पीएम मोदी ने जनसभा में आए लोगों से पूछा, 'आप लोग अपने चौकीदार से खुश हैं ना? आप खुश हैं, लेकिन दो लोग ऐसे हैं जो खुश नहीं है. एक है कांग्रेस का परिवार और दूसरा है आतंकियों का घर-बार. आप जब वोट देंगे तो सबसे ज्यादा कष्ट इन्हीं को होगा. भारत ने पहली बार दुश्मन के घर में घुसकर मारा. आप खुश हैं ना? लेकिन कांग्रेस परेशान है. हमने जब एयर स्ट्राइक की तो भारत के साथ पूरी दुनिया खड़ी हो गई, लेकिन कांग्रेस की नींद उड़ गई. यह भी पढ़ें- मिशन पूर्वोत्तर: अरुणाचल में PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, कहा- उनको सिर्फ मलाई की चिंता, बेल पर बाहर आए लोग चौकीदार पर उठा रहे सवाल
भारत बदल चुका है
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब बदल चुका है, पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है, हमारे हर कदम की सराहना हो रही है. लेकिन हमारे घर में महामिलावट की जमात इस गौरवपूर्ण बातों में अपना सुर मिलाने को तैयार नहीं हैं. पीएम मोदी ने कहा ये लोग चौकीदार का विरोध करते-करते, आज भारत का ही विरोध करने लगे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि नॉर्थ ईस्ट के लोगों की जिंदगी को आसान बनाने के लिए काम किए जा रहे हैं. लेकिन कांग्रेस के भ्रष्टाचार की वजह से वह उपेक्षा के शिकार हो रहे थे क्योंकि कांग्रेस की भ्रष्टचारी में मास्टरी है. उन्होंने कहा कि केंद्र में बैठी मौजूदा सरकार ने सिर्फ पुराने प्रोजेक्ट्स को तेजी से किया बल्कि नए प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत की.
कांग्रेस के 70 साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल
पीएम नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि असम और पूर्वोत्तर में केंद्र सरकार ने कई काम किए और लोगों को रोजगार दिए जाने के लिए काफी कदम उठाए गए. यहां पर केवल तेल और गैस के लिए नहीं बल्कि और दूसरे क्षेत्रों में भी काम किए गए हैं. पीएम मोदी ने 70 सालों का जिक्र करते हुए एक बार फिर कहा कि जो कांग्रेस की और दूसरी सरकारें नहीं कर पाईं वह काम इस सरकार ने पांच साल में करके दिखा दिया. उन्होंने ऐसे ही कामों को आगे बढ़ाने और नए काम करने के लिए लोगों से वोट देने की अपील की है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि असम एकॉर्ड के तहत असम की सभी जनजातियों की सुरक्षा की व्यवस्था की गई है. लोगों से 11 अप्रैल को होने वाले मतदान में बीजेपी के लिए वोट देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में अपनी ज्यादा से ज्यादा भागीदारी निभाएं. भीड़ की तरफ इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इससे विपक्ष को संदेश चला गया है कि अबकी बार फिर से मोदी सरकार आने वाली है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 30, 2019 04:17 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

