देश

महाराष्‍ट्र लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की बंपर जीत, मिली 41 सीटें

कांग्रेस उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक चव्हाण, मुंबई इकाई प्रमुख मिलिंद देवड़ा को चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा।

महाराष्‍ट्र लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी-शिवसेना गठबंधन की बंपर जीत, मिली 41 सीटें
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार

मुम्बई. भाजपा-शिवसेना ने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 41 सीटों पर जीत हासिल की जबकि कांग्रेस को एक और राकांपा को चार सीटों पर जीत मिली। चुनाव में दो मौजूदा केंद्रीय मंत्रियों और दो पूर्व मुख्यमंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा। शरद पवार नीत राकांपा पिछली बार के अपने प्रदर्शन को बरकरार रखने में कामयाब रही जबकि कांग्रेस को केवल एक सीट मिली। कांग्रेस को 2014 में दो सीटों पर जीत मिली थी। सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने 2014 आम चुनाव में 42 सीटों पर जीत दर्ज की थी। एआईएमआईएम के इम्तियाज जलील ने औरंगाबाद से शिवसेना उम्मीदवार चंद्रकांत खैरे को हराया और पार्टी को राज्य से अपना पहला सांसद मिला।

कांग्रेस उम्मीदवारों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, राज्य इकाई के अध्यक्ष अशोक चव्हाण, मुंबई इकाई प्रमुख मिलिंद देवड़ा को चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। भाजपा के सुजय विखे पाटिल ने अहमदनगर में अपने राकांपा प्रतिद्वंद्वी संग्राम जगताप को हराया। मावल में शिवसेना उम्मीदवार श्रीरंग बारणे ने राकांपा के पार्थ पवार को शिकस्त दी। यह भी पढ़े-महाराष्ट्र लोकसभा चुनाव 2019 नतीजे: राज ठाकरे भी नहीं बचा पाए कांग्रेस-एनसीपी की डूबती नैया

मुंबई-उत्तर में भाजपा के गोपाल शेट्टी ने कांग्रेस उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर और रावेर में भाजपा की रक्षा खडसे ने कांग्रेस के उल्हास पाटिल को हराया। भाजपा ने नन्‍दुरबार, धुले, जलगांव, रावेर, अकोला, वर्धा, नागपुर, भन्‍डारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, नांदेड़, जालना, डिंडोरी, भिवंडी, मुम्बई उत्‍तर, मुम्बई उत्‍तर मध्‍य, मुम्बई उत्‍तर पूर्व, पुणे, अहमदनगर, बीड, लातूर, सोलापुर, माधा और सांगली में जीत दर्ज की।

भाजपा के गिरीश बापट ने पुणे सीट से कांग्रेस उम्मीदवार मोहन जोशी को हराया। शिवसेना ने बुलढाणा, रामटेक, यवतमल-वाशिम, हिंगोली, परभणी, नासिक, पालघर, कल्याण, ठाणे, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई दक्षिण केंद्रीय, मुंबई दक्षिण, मावल, शिरडी, उस्मानाबाद, रत्नागिरि-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हातकणंगले से जीत हासिल की।

शिवसेना उम्मीदवार और केंद्रीय मंत्री अनंत गीते को राकांपा के सुनील तटकरे ने रायगढ़ से हराया।

राकांपा को कोल्हापुर और माधा सीटों पर हार का सामना करना पड़ा लेकिन उसे शिरुर और रायगढ़ पर जीत मिली। भाजपा ने 25 और शिवसेना ने 23 सीटों पर तो कांग्रेस ने 25 और राकांपा ने 19 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में कांग्रेस के नाना पटोले को 2,16,009 मतों के अंतर से हराया। केंद्रीय मंत्री सुभाष भामरे ने धुले सीट पर कांग्रेस के कुणाल पाटिल को शिकस्त दी।

चंद्रपुर में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी हंसराज अहीर को कांग्रेस के बालू धानोरकर ने 44,763 मतों से हराया।

(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2019 02:03 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).