देश

Sonipat BJP Leader Murder: हरियाणा के सोनीपत में बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा की हत्या, जमीनी विवाद में पड़ोसी ने मारी गोली

हरियाणा के सोनीपत में जमीनी विवाद के चलते बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. आरोपी ने पहले धमकी दी थी और फिर दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश जारी है.

Sonipat BJP Leader Murder: हरियाणा के सोनीपत में बीजेपी नेता सुरेंद्र जवाहरा की हत्या, जमीनी विवाद में पड़ोसी ने मारी गोली

BJP Leader Surendra Jawahara Murder: हरियाणा के सोनीपत जिले में जमीनी विवाद के चलते बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान मुंडलाना मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जवाहरा के रूप में हुई है. यह हत्याकांड शुक्रवार देर रात गांव जवाहरा में घटित हुआ. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जमीनी विवाद बना हत्या की वजह

मृतक बीजेपी नेता ने कुछ समय पहले आरोपी के बुआ की जमीन खरीदी थी, जिसे लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ दिन पहले ही सुरेंद्र जवाहरा को इस जमीन पर कदम रखने से मना कर दिया था और चेतावनी दी थी. इस संबंध में कई बार दोनों के बीच बहस भी हो चुकी थी.

हत्या की पूरी वारदात

शुक्रवार की रात सुरेंद्र जवाहरा खेत में बुवाई करने गए थे, जहां उनकी आरोपी से बहस हो गई. इसके बाद वे अपनी दुकान पर लौट आए. लेकिन कुछ देर बाद आरोपी वहां पहुंचा और ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर सुरेंद्र जवाहरा की हत्या कर दी. पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

पुलिस जांच में जुटी

हत्या के बाद से ही आरोपी फरार बताया जा रहा है. पुलिस ने उसके ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है और जल्द ही गिरफ्तारी की बात कही जा रही है. पुलिस इस मामले को जमीनी विवाद से जुड़ा मान रही है, लेकिन अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

यह मामला इलाके में सनसनी फैला चुका है और स्थानीय लोग प्रशासन से आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 15, 2025 10:07 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).