देश

अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी को लगा बड़ा झटका, 2 मंत्रियों और 12 विधायकों समेत 15 नेताओं ने पार्टी छोड़ी

अरुणाचल प्रदेश में 11 अप्रैल को लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं.

अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी को लगा बड़ा झटका, 2 मंत्रियों और 12 विधायकों समेत 15 नेताओं ने पार्टी छोड़ी
प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह (Photo Credits: PTI)

अरुणाचल प्रदेश (Arunachal Pradesh) में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उस वक्त जोर का झटका लगा, जब दो मंत्रियों और 12 विधायकों सहित कुल 15 नेताओं ने मंगलवार को पार्टी छोड़कर नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) में शामिल होने का ऐलान कर दिया. अरुणाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी द्वारा पार्टी के राज्य महासचिव जारपुम गामलिन, गृह मंत्री कुमार वाई, पर्यटन मंत्री जारकर गामलिन और कई विधायकों को टिकट नहीं देने के बाद बड़े पैमाने पर पार्टी छोड़ने का यह कदम सामने आया है.

अरुणाचल प्रदेश की 60 विधानसभा सीटों में से 54 के लिए प्रत्याशियों के नामों पर बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने रविवार को मुहर लगाई. अरुणाचल प्रदेश में 11 अप्रैल को लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं. सोमवार को जारपुम गामलिन ने बीजेपी की अरुणाचल इकाई के अध्यक्ष तापिर गाओ को अपना इस्तीफा भेजा. वह सोमवार सुबह से ही गुवाहाटी में हैं, जहां मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने उनसे मुलाकात की.

एनपीपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "जारपुम, जारकर, कुमार वाई और बीजेपी के 12 मौजूदा विधायकों ने एनपीपी महासचिव थामस संगमा से मंगलवार को मुलाकात की और एनपीपी में शामिल होने का फैसला किया." उन्होंने कहा कि इन नेताओं के आने से एनपीपी मजबूत होगी. यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव 2019: बीजेपी ने आंध्र प्रदेश की 123 और अरुणाचल की 54 सीटों के लिए जारी की उम्‍मीदवारों की पहली लिस्‍ट

इस बीच, एनपीपी ने पूर्वोत्तर राज्यों की सभी 25 संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. पार्टी ने मेघालय के प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है. अन्य सीटों की भी सूची जल्द जारी की जाएगी.

आईएएनएस इनपुट

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 20, 2019 09:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).