देश

Ambedkar Jayanti 2019: राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉ. बी. आर. अंबेडकर जयंती पर देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी

राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर हमारे स्वतंत्रता संग्राम के एक उत्कृष्ट नेता और हमारे समाज के दलित और पारंपरिक रूप से वंचित वर्गों के अधिकारों को दिलाने की दिशा में महत्‍वपूर्ण रूप से कार्य करने वाले एक अग्रणी असाधारण व्‍यक्तित्‍व थे.

Ambedkar Jayanti 2019: राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने डॉ. बी. आर. अंबेडकर जयंती पर देशवासियों को अपनी शुभकामनाएं दी
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अंबेडकर जयंती पर अपनी शुभकामनाएं दी | फाइल फोटो | (Photo Credit: Twitter)

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद (President Ram Nath Kovind) ने डॉ. बी. आर. अम्बेडकर जयंती (Dr. B.R. Ambedkar Jayanti) की पूर्व संध्या पर शनिवार को देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. अपने संदेश में, राष्ट्रपति ने कहा है, 'अम्बेडकर जयंती के अवसर पर, भारत के संविधान के मुख्य वास्तुकार डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर की जयंती पर मैं सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं.' उन्‍होंने कहा कि डॉ. अम्बेडकर हमारे स्वतंत्रता संग्राम के एक उत्कृष्ट नेता और हमारे समाज के दलित और पारंपरिक रूप से वंचित वर्गों के अधिकारों को दिलाने की दिशा में महत्‍वपूर्ण रूप से कार्य करने वाले एक अग्रणी असाधारण व्‍यक्तित्‍व थे. विद्वान, शिक्षाविद्, कानूनी रूप से प्रबुद्ध, समाज सुधारक और राजनीतिक नेता, डॉ. अम्‍बेडकर का दर्शन और जीवन, साहस और दृढ़ विश्वास का एक प्रेरणादायी मार्ग है.

डॉ. अम्बेडकर ने एक ऐसे समाज की परिकल्पना की जहां कमजोर और वंचित वर्गों, किसान, श्रमिक और विशेषकर महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान मिले. वह लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण, अहिंसक और सामंजस्यपूर्ण साधनों के माध्यम से सभी मुद्दों के समाधान का समर्थन करने वाले एक उत्साही अधिवक्‍ता थे. यह भी पढ़ें- Ambedkar Jayanti 2019: 14 अप्रैल को धूम-धाम से मनाई जाती है अंबेडकर जयंती, जानें उनकी जिंदगी से जुड़ी रोचक बातें

उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग भ्रातृत्व, करुणा और समानता की भावना को दृढ़ बनाता है. इस दिवस पर आइए हम डॉ. अम्‍बेडकर के जीवन और विचारों से शिक्षा लेने और उनकी शिक्षाओं का पालन करने का संकल्प लें.

पीआईबी हिंदी से साभार

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 14, 2019 12:01 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).