देश

जनऔषधि दिवस: महिला ने भगवान से की तुलना तो भावुक हो गए पीएम मोदी

पीएम मोदी एक महिला की बात सुनकर भावुक हो गए. महिला ने पीएम से कहा मैंने ईश्वर को तो नहीं देखा, लेकिन मोदी जी मैंने आपको देखा है.

जनऔषधि दिवस: महिला ने भगवान से की तुलना तो भावुक हो गए पीएम मोदी
पीएम मोदी हुए भावुक (Photo Credits-Twitter)

जनऔषधि दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनऔषधि केंद्रों के लाभार्थियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया. पीएम मोदी ने कहा कि "आप सभी को दूसरे जनऔषधि दिवस की बहुत-बहुत बधाई. इस दौरान पीएम मोदी एक महिला की बात सुनकर भावुक हो गए. महिला ने पीएम से कहा मैंने ईश्वर को तो नहीं देखा, लेकिन मोदी जी मैंने आपको देखा है. दीपा शाह ने कहा, "2011 में मुझे लकवा हुआ था, मैं बोल नहीं पाती थी. इलाज जो चल रहा था काफी महंगा था, जिसकी वजह से घर चलाना तक मुश्किल हो गया था. फिर जन औषधि (जेनरिक) दवाएं लेना शुरू किया. जिससे पैसा बचा. पहले दवाइयां 5 हजार की आती थीं, अब 1500 की आती हैं. बाकी बचे पैसों से मैं घर चलाती हूं, फल खाती हूं.' महिला ने आगे कहा कि मैंने ईश्वर को नहीं देखा, लेकिन ईश्वर के रूप में मोदी को देखा है. इसपर महिला रोने लगी. वहीं पीएम मोदी भी भावुक हो गए.

पीएम मोदी ने कहा, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना यानि PMBJP, इसी की एक अहम कड़ी है. ये देश के हर व्यक्ति तक सस्ता और उत्तम इलाज पहुंचाने का संकल्प है. मुझे बहुत संतोष है कि अब तक 6 हजार से अधिक जन औषधि केंद्र पूरे देश में खुल चुके हैं. पीएम ने कहा, जैसे जैसे ये नेटवर्क बढ़ रहा है, वैसे ही इसका लाभ भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रहा है. आज हर महीने 1 करोड़ से अधिक परिवार इन जन औषधि केंद्रों के माध्यम से बहुत सस्ती दवाइयां ले रहे हैं. पीएम ने कहा, जन औषधि परियोजना से पहले की तुलना में इलाज पर खर्च बहुत कम हो रहा है. अभी तक पूरे देश में करोड़ों गरीब और मध्यम वर्ग के साथियों को 2000-2500 करोड़ रुपए की बचत जन औषधि केंद्रों के कारण हुई है.

यह भी पढ़ें- CoronaVirus: BSNL और Jio लोगों को कर रहा अलर्ट, कॉल करने पर सुनाई देंगे कोरोनावायरस से बचाव के टिप्स.

कोरोनावायरस को लेकर अफवाह से बचें

पीएम मोदी ने कहा, कोरोनावायरस को लेकर में सभी देशवासियों से प्रार्थना करता हूं कि किसी भी तरह की अफवास से बचें. कोई भी परेशानी होने पर तुरंत अपने डॉक्टर की सलाह लें. पूरी दुनिया आजकल नमस्ते की आदत डाल रही है. हमें भी आजकल हाथ मिलाने के बजाए, नमस्ते करना चाहिए. पीएम ने कहा, Generic दवाओं को लेकर अफवाहें फैलाएं जाती हैं. पुराने अनुभवों के आधार पर कुछ लोगों को ये भी लगता है कि आखिर इतनी सस्ती दवा कैसे हो सकती है, कहीं इसमें कोई खोट तो नहीं है.

Generic दवाओं से मिल रहा फायदा 

पीएम ने कहा, कुछ विशेष परिस्थितियों को छोड़कर डॉक्टर Generic दवाएं ही लिखें, ये सुनिश्चित करना जरूरी है. मेरा आप सभी लाभार्थियों से भी निवेदन रहेगा कि अपने अनुभवों को अधिक से अधिक साझा करें. इससे जन औषधि का लाभ ज्यादा मरीजों तक पहुंच सकेगा. पीएम ने कहा, आज 1,000 से ज्यादा जरूरी दवाओं की कीमत नियंत्रित होने से करीब साढ़े 12 हजार करोड़ रुपये जनता के बचे हैं. करीब 90 लाख गरीब लोगों को आयुष्मान योजना के तहत लाभ मिला है.

पीएम मोदी ने कहा, सरकार का प्रयास है कि देश में लोगों को मेडिकल सुविधा के लिए ज्यादा दूर न जाना पड़े. इसलिए देशभर में Health and Wellness Center बनाए जा रहे हैं, नए मेडिकल कॉलेज बनाये जा रहे हैं, जिससे देश में मेडिकल सीटों में भी बढ़ोतरी हो रही है. पीएम ने कहा, प्रधानमंत्री जनऔषधि योजना का लाभ समाज के हर वर्ग को हुआ है. गरीब और मध्यम वर्ग को इसका लाभ मिला है. इसमें भी हमारी बेटियों-बहनों को विशेष लाभ हुआ है. हमें संतोष है कि जम्मू कश्मीर में जन औषधि परियोजना का बहुत लाभ हो रहा.

नॉर्थ ईस्ट और अन्य पहाड़ी और आदिवासी क्षेत्रों में जन औषधि परियोजना को विस्तार भी देना है और वहां सभी दवाएं उपलब्ध हों, ये भी सुनिश्चित करना है. पीएम ने कहा, जन औषधि केंद्रों के साथ साथ डिस्ट्रीब्यूशन, क्वालिटी टेस्टिंग लैब्स जैसे अनेक दूसरे साधनों का भी एक नेटवर्क तैयार हो रहा है, जिसमें हजारों युवा साथियों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 07, 2020 01:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).