देश

Pilgrimage to Amarnaath: 13 दिन में 2.66 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए

अमरनाथ यात्रा 2024 लगातार जारी है. बीते 13 दिनों में 2.66 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं. शुक्रवार को 4,434 श्रद्धालुओं का एक और जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ है.

Pilgrimage to Amarnaath: 13 दिन में 2.66 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए
Credit -Wikimedia commons

जम्मू, 12 जुलाई : अमरनाथ यात्रा 2024 लगातार जारी है. बीते 13 दिनों में 2.66 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं. शुक्रवार को 4,434 श्रद्धालुओं का एक और जत्था कश्मीर के लिए रवाना हुआ है. श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के अधिकारियों ने कहा है, "इस साल अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले यात्रियों की संख्या में कोई कमी नहीं आई है. उत्साही तीर्थयात्रियों का आना जारी है." 29 जून से अमरनाथ यात्रा शुरू हुई थी और गुरुवार तक 2.66 लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र गुफा के अंदर बाबा बर्फानी के दर्शन किए. इनमें 10 हजार से ज्यादा ऐसे तीर्थयात्री शामिल हैं, जो दक्षिण और उत्तर बेस कैंप से हेलीकॉप्टर सेवाओं का इस्तेमाल करके पवित्र गुफा तक पहुंचे.

पवित्र गुफा कश्मीर हिमालय में समुद्र तल से 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. भक्त या तो पारंपरिक दक्षिण कश्मीर पहलगाम मार्ग से या फिर उत्तर कश्मीर बालटाल मार्ग से गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं. श्रद्धालु या तो 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम गुफा मंदिर मार्ग से यात्रा करते हैं या फिर 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से यात्रा करते हैं. पहलगाम मार्ग का उपयोग करने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने में चार से पांच दिन लगते हैं, जबकि बालटाल मार्ग का उपयोग करने वाले लोग गुफा मंदिर के अंदर 'दर्शन' करने के बाद उसी दिन आधार शिविर लौट आते हैं. यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश के विधायकों से विजन डाॅक्यूमेंट बनाने को कहा

शुक्रवार को 4434 यात्री जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से दो सुरक्षा काफिलों में कश्मीर के लिए रवाना हुए. पहला सुरक्षा काफिला 64 वाहनों में 1,721 तीर्थयात्रियों को लेकर सुबह 3 बजे उत्तरी कश्मीर के बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुआ. दूसरा सुरक्षा काफिला 101 वाहनों में 2,713 तीर्थयात्रियों को लेकर सुबह 3.35 बजे दक्षिण कश्मीर के नुनवान (पहलगाम) बेस कैंप के लिए रवाना हुआ. इस वर्ष की यात्रा 52 दिनों के बाद 29 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा और रक्षा बंधन त्योहार के साथ संपन्न होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2024 09:11 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).