Petrol Diesel Prices: कच्चे तेल के भाव में चौथे दिन गिरावट, पेट्रोल-डीजल पर राहत के आसार
कच्चे तेल का उत्पादन बढ़ने की संभावना के बीच इसके दाम पर दबाव देखा जा रहा है. अंतराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के भाव में मंगलवार को लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई. लगातार चार सत्रों में कच्चे तेल के दाम में चार डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की नरमी आई है.
नई दिल्ली, 2 मार्च : कच्चे तेल (Crude oil) का उत्पादन बढ़ने की संभावना के बीच इसके दाम पर दबाव देखा जा रहा है. अंतराष्ट्रीय बाजार (International market) में कच्चे तेल के भाव में मंगलवार को लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई. लगातार चार सत्रों में कच्चे तेल के दाम में चार डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा की नरमी आई है. तेल के दाम में गिरावट से देश में पेट्रोल और डीजल के दाम में राहत मिलने के आसार दिखने लगे हैं. तेल विपणन कंपनियों ने लगातार तीसरे दिन पेट्रोल और डीजल (Petrol and diesel) के दाम में कोई बदलाव नहीं किया है. अंतर्राष्ट्रीय वायदा बाजार इंटरकांटिनेंटल एक्सचेंज (ICE) पर बेंचमार्क कच्चा तेल ब्रेंट क्रूड के मई डिलीवरी अनुबंध में मंगलवार को बीते सत्र से 1.22 फीसदी की गिरावट के साथ 62.91 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था जबकि पिछले सप्ताह ब्रेंट का भाव 67 डॉलर प्रति बैरल से उपर चला गया था. न्यूयार्क मर्के टाइल एक्सचेंज (Nimax) पर वेस्ट टेक्सस इंटरमीडिएट (WTI) के अप्रैल अनुबंध में बीते सत्र से 1.29 फीसदी की गिरावट के साथ 59.86 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार चल रहा था.
तेल बाजार पर पैनी निगाह रखने पर एंजेल ब्रोकिंग के डिप्टी वाइस प्रेसीडेंट (एनजी एवं करेंसी रिसर्च) ने कहा कि ओपेक की अगामी बैठक में उत्पादन में बढ़ोतरी को लेकर फैसला लेने की संभावनाओं से तेल के दाम पर दबाव देखा जा रहा है आगेर्नाइजेशन ऑफ पेट्रोलियम एक्सर्पोटिंग कंट्रीज (ओपेक) और इसके सहयोगी यानी ओपेक प्लस की गुरुवार को बैठक होने जा रही है जिसमें तेल की सप्लाई बढ़ाने को लेकर फैसला लेने की संभावना है. उधर, चीन में फैक्ट्री उत्पादन फरवरी में घटकर नौ महीने के निचले स्तर पर आ गया है जिससे चीन में कच्चे तेल की मांग में कमी आ सकती है. यह भी पढ़ें : Petrol Diesel Prices: कच्चे तेल में तेजी से पेट्रोल, डीजल के दाम फिर बढ़ने के आसार
बाजार विशेषज्ञ बताते हैं कि तेल की सप्लाई बढ़ने और मांग में कमी होने की आशंकाओं को लेकर कीमतों में गिरावट आई है. अगर, यह गिरावट आगे भी जारी रही तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम में कटौती हो सकती है जिससे देश के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी. इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में पेट्रोल का भाव मंगलवार को बिना किसी बदलाव के क्रमश: 91.17 रुपये, 91.35 रुपये, 97.57 रुपये और 93.11 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है. वहीं, डीजल की कीमतें भी दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में स्थिरता के साथ क्रमश: 81.47 रुपये, 84.35 रुपये, 88.60 रुपये और 86.45 रुपये प्रति लीटर पर बनी हुई हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 02, 2021 11:24 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

