दिल्ली में भारी बारिश के दौरान जलमग्न सड़क पर करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के दौरान जलमग्न सड़क में करंट आने और उसकी चपेट में आने से शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की मौत हो गई.
नयी दिल्ली, 28 जून: राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के दौरान जलमग्न सड़क में करंट आने और उसकी चपेट में आने से शुक्रवार सुबह एक व्यक्ति की मौत हो गई. क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति करने वाली कंपनी ‘टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड’ (डीडीएल) ने कहा कि एक दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण दुकान के टीन शेड और धातु के खंभों में करंट आया और बाहर पानी होने के कारण व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया. डीडीएल ने एक बयान में कहा कि घटना की जिम्मेदारी दुकान के मालिक की है.
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश कुमार के रूप में हुई है और उसके परिवार में पत्नी एवं दो बच्चे हैं.
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब सात बजे शीश महल एन्क्लेव के पास मुबारकपुर रोड पर हुई. कुमार काम पर जा रहे थे.
अधिकारी ने बताया कि संदेह है कि वह सड़क किनारे कपड़े की दुकान से निकले पानी में प्रवाहित करंट की चेपट में आ गया.
उन्होंने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद कुमार को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है. उत्तर-पश्चिम दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने घटनास्थल का दौरा किया और मामले में कार्रवाई की मांग की.
एक अन्य हादसे में उत्तरी दिल्ली में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से ऑटो सवार 24 वर्षीय महिला की मौत हो गई. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान मंजू देवी के रूप में हुई है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "वजीराबाद पुलिस थाने को दुर्घटना की सूचना मिली थी. एक टीम को आउटर रिंग रोड में घटनास्थल पर भेजा गया." अधिकारी ने बताया, "शुरुआती जांच में पता चला है कि ऑटो सड़क पर खड़ा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे पीछे से टक्कर मार दी. जिससे ये हादसा हो गया." अधिकारी ने बताया कि भारतीय दंड संहिता की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2024 09:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

