Odisha Shocker: ब्लेड से काटा, जख्मों पर रगड़ा नमक! शराबी सीनियर्स का वीडियो बनाना पड़ा भारी, कक्षा 6 के छात्र को लोहे की रॉड से पीटा
ओडिशा के मयूरभंज जिले में सरकारी आवासीय स्कूल के छात्रावास में कक्षा 6 के छात्र को सीनियर छात्रों ने लोहे की रॉड और ब्लेड से पीटा. पीड़ित छात्र ने शराब पीते सीनियर्स का वीडियो बना लिया था, जिसके बाद उस पर हमला कर धमकाया गया.
बालासोर (ओडिशा). ओडिशा के मयूरभंज जिले में स्थित एक सरकारी आवासीय हाई स्कूल में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. कक्षा 6 में पढ़ने वाले एक 11 वर्षीय छात्र को सीनियर छात्रों ने लोहे की रॉड और ब्लेड से बेरहमी से पीटा और जख्मों पर नमक रगड़ दिया. मामला स्कूल के छात्रावास का है, जहां यह घटना 15 फरवरी को हुई थी, लेकिन पीड़ित छात्र ने डर के कारण इसे किसी को नहीं बताया. अब जाकर यह मामला सामने आया है.
शराब पीते सीनियर्स का वीडियो बना लिया था
मामले की शुरुआत तब हुई जब कक्षा 6 का छात्र छात्रावास में अपने कुछ सीनियर्स (कक्षा 9 के छात्र) का शराब पीते हुए वीडियो बना रहा था. जब सीनियर छात्रों को इसके बारे में पता चला, तो उन्होंने उसे सबक सिखाने के नाम पर पहले लोहे की रॉड और ब्लेड से पीटा और फिर जख्मों पर नमक रगड़ दिया. यही नहीं, उसे धमकी दी गई कि अगर उसने यह बात किसी को बताई, तो उसे चाकू मार दिया जाएगा.
- कक्षा 6 के छात्र ने कक्षा 9 के छात्रों का शराब पीते हुए वीडियो बनाया था.
- आरोपियों ने उसे लोहे की रॉड और ब्लेड से पीटा, और घावों पर नमक रगड़ा.
- छात्र ने डर के चलते घटना की जानकारी तुरंत किसी को नहीं दी.
- डेढ़ महीने बाद परिजनों को बताने पर मामला उजागर हुआ.
- खुन्टा पुलिस थाने में मामला दर्ज, जांच जारी.
अब जाकर टूटी चुप्पी
इस हैरान कर देने वाली घटना के करीब डेढ़ महीने बाद छात्र ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी और परिवार को पूरे घटनाक्रम के बारे में बताया. इसके बाद पीड़ित छात्र के परिजनों ने 2 अप्रैल को खुन्टा थाने में शिकायत दर्ज कराई.
स्कूल प्रशासन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में
स्कूल के प्रधानाध्यापक दीप्तिकांत जेना ने कहा कि छात्र ने घटना की जानकारी न तो स्कूल प्रशासन को दी और न ही अपने छात्रावास के साथियों को. वह इस घटना के बाद घर भी गया था, लेकिन उस दौरान भी उसने अपने माता-पिता को कुछ नहीं बताया. “करीब डेढ़ महीने बाद उसने परिजनों को सब बताया, तब जाकर यह मामला हमारे संज्ञान में आया,” जेना ने कहा.
पुलिस ने दर्ज किया केस, कार्रवाई जारी
खुन्टा थाने के प्रभारी निरीक्षक पंचानन महांती ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. “जिन छात्रों पर आरोप हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.”
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 04, 2025 02:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

