निपाह वायरस : 6 संदिग्ध मरीजों की जांच के नतीजे निगेटिव, 314 लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया
स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि केरल के एर्णाकुलम में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती छह व्यक्तियों की निपाह वायरस (Nipah Virus) की जांच के परिणाम निगेटिव आए हैं
नई दिल्ली : स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि केरल के एर्णाकुलम में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती छह व्यक्तियों की निपाह वायरस (Nipah Virus) की जांच के परिणाम निगेटिव आए हैं. अधिकारी ने कहा कि निपाह संक्रमण की चपेट में आए कॉलेज छात्र की हालत स्थिर है और उसके संपर्क में आए कुल 314 लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है.
उन्होंने कहा, “सभी छह संदिग्ध मरीजों के खून एवं सीरम के नमूनों की जांच निपाह विषाणु संक्रमण का पता लगाने के लिए की गई और नतीजे निगेटिव आए हैं.” केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमण के संपर्क में आने वाले लोगों का पता लगाने और आइसोलेशन वार्ड का जायजा लेने के लिए एक एपिडेमियोलॉजिस्ट समेत छह लोगों की टीम को काम पर लगाया है.
यह भी पढ़ें : केरल: निपाह वायरस का प्रकोप, 5 मरीजों को रखा गया अलग, 311 लोगों का किया जा रहा है बारीकी से निरीक्षण
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने केरल में लोक स्वास्थ्य उपायों का बुधवार को जायजा लेने के बाद कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. समीक्षा बैठक के दौरान केंद्र ने रोग के संपर्क में आने वाले लोगों, नमूने एकत्रित करने या उनकी जांच के लिए अस्पताल में अलग कमरा रखने की मानक संचालन प्रक्रिया तथा संक्रमण के संभावित स्रोत एवं संपर्क के तरीके और वजह का पता लगाने के लिए कई विषयों के विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा महामारी की जांच और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों के साथ एक अलग आइसोलेशन वार्ड बनाए जाने पर चर्चा की गई.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 06, 2019 12:41 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

