Ayushman Bharat Milestone: आयुष्मान भारत ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, ABHA अकाउंट्स से जुड़े 100 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिकॉर्ड
आभा यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी है. इसकी मदद से नागरिक अपने हेल्थ रिकॉर्ड को अस्पतालों, क्लीनिक, लैब और अन्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से सुरक्षित तरीके से जोड़ और एक्सेस कर सकते हैं.
Ayushman Bharat Milestone: आयुष्मान भारत हेल्थकेयर योजना के सार्वभौमिक विस्तार और डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में देश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) से अब तक 100 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिकॉर्ड लिंक किए जा चुके हैं. हिंदी पट्टी के कई राज्यों, जिनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात शामिल हैं, ने आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत हेल्थ रिकॉर्ड लिंक करने में शानदार प्रदर्शन किया है. यह उपलब्धि देश में एकीकृत, नागरिक-केंद्रित और इंटरऑपरेबल डिजिटल हेल्थकेयर सिस्टम बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को आयुष्मान भारत योजना के तहत व्यापक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी
डेढ़ साल में दोगुनी हुई संख्या
आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) की सबसे बड़ी खासियत पिछले कुछ महीनों में रजिस्ट्रेशन में आई तेज बढ़ोतरी रही है. आंकड़ों के अनुसार, बीते डेढ़ साल में लिंक किए गए हेल्थ रिकॉर्ड की संख्या दोगुनी हो गई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक बयान के मुताबिक, “फरवरी 2025 में ABDM के तहत 50 करोड़ हेल्थ रिकॉर्ड लिंक थे, जो सिर्फ 15 महीनों में बढ़कर 100 करोड़ से ज्यादा हो गए. अब हर दो से तीन महीने में करीब 10 करोड़ हेल्थ रिकॉर्ड लिंक किए जा रहे हैं. शुरुआती चरण में जहां 1,000 से भी कम रिकॉर्ड लिंक थे, वहीं आज ABDM दुनिया के सबसे बड़े डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम में शामिल हो चुका है.”
450 से ज्यादा हेल्थ टेक प्लेटफॉर्म जुड़े
राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण (NHA) द्वारा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत लागू किए जा रहे इस प्रोजेक्ट में सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं, राज्य स्तरीय हेल्थ प्लेटफॉर्म, पब्लिक डिजिटल सिस्टम और निजी हेल्थ टेक कंपनियों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है. फिलहाल 450 से ज्यादा सरकारी और निजी हेल्थ टेक समाधान ABDM इकोसिस्टम के साथ सफलतापूर्वक इंटीग्रेट हो चुके हैं.
क्या है आभा?
आभा यानी आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट एक यूनिक डिजिटल हेल्थ आईडी है. इसकी मदद से नागरिक अपने हेल्थ रिकॉर्ड को अस्पतालों, क्लीनिक, लैब और अन्य स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से सुरक्षित तरीके से जोड़ और एक्सेस कर सकते हैं. राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के CEO डॉ. सुनील कुमार बर्नवाल ने इस उपलब्धि पर कहा, “आभा से 100 करोड़ से ज्यादा हेल्थ रिकॉर्ड का लिंक होना आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. यह सरकार की योजनाओं, राज्यों, स्वास्थ्य संस्थानों और निजी तकनीकी भागीदारों के बीच डिजिटल हेल्थ सेवाओं को बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है. आभा से जुड़े हेल्थ रिकॉर्ड नागरिकों को सुरक्षित और सहमति-आधारित तरीके से अपनी स्वास्थ्य जानकारी तक पहुंच प्रदान करते हैं और हेल्थकेयर सिस्टम में बेहतर निरंतरता सुनिश्चित करते हैं.”
(The above story first appeared on LatestLY on May 22, 2026 09:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

