Mumbai Rain Alert, 30 June: मुंबई में आज तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 30 जून को मुंबई और उसके आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने से मुंबई में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
Mumbai Rain Alert, 30 June: मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है. मौसम विभाग ने आज, 30 जून के लिए मुंबई में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का 'यलो अलर्ट' (Yellow Alert) जारी किया है. मौसम के ताजा पूर्वानुमानों के मुताबिक, अरब सागर से आने वाली पश्चिमी हवाओं (Westerlies) के मजबूत होने के कारण मुंबई और उसके उपनगरों में दिनभर में 80 से 140 मिमी तक भारी बारिश दर्ज की जा सकती है.
सुबह और देर शाम बढ़ेगी बारिश की रफ्तार
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, मुंबईकरों को आज सुबह के समय और फिर देर शाम के घंटों में तेज बारिश के स्पेल देखने को मिल सकते हैं. हालांकि, बीच-बीच में बारिश की तीव्रता कम हो सकती है, लेकिन भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. मुंबई में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और कई हिस्सों में रुक-रुक कर बौछारें पड़ रही हैं. यह भी पढ़े; Mumbai Monsoon Havoc: मुंबई में भारी बारिश का कहर; दादर में कार पर गिरा पेड़, अंधेरी सबवे बंद और कई इलाकों में भारी जलभराव (watch Videos)
मुंबई में बारिश की चेतावनी
तटीय और MMR क्षेत्रों पर अधिक असर
इस नए मौसमी सिस्टम का सबसे ज्यादा असर मुंबई महानगर क्षेत्र के तटीय और दक्षिणी हिस्सों में देखने को मिल सकता है. इन इलाकों में बारिश की तीव्रता अन्य क्षेत्रों के मुकाबले अधिक रहने की आशंका है. निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन और नगर निगम (BMC) को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
मौसम का बदलता मिजाज
पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में मानसून काफी सक्रिय बना हुआ है. इससे पहले भी मुंबई के कई उपनगरीय इलाकों में भारी बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ था. मौसम विभाग (IMD) ने स्थानीय नागरिकों को घर से बाहर निकलते समय मौसम की जानकारी लेने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी है. प्रशासन ने मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की चेतावनी जारी की है.