Mumbai New Mayor: मुंबईकरों को 11 फरवरी को मिलेगा नया मेयर, BJP या शिवसेना; सस्पेंस अब भी बरकरार
मुंबई में नए मेयर के लिए तारीख तय हो गई है। लेकिन, मेयर भाजपा का होगा या शिवसेना का, यह अब तक फाइनल नहीं हो पाया है। 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे मुंबई महानगरपालिका में महापौर के लिए मतदान होगा
Mumbai New Mayor: मुंबई में नए मेयर के लिए तारीख तय हो गई है। लेकिन, मेयर भाजपा का होगा या शिवसेना का, यह अब तक फाइनल नहीं हो पाया है। 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे मुंबई महानगरपालिका में महापौर के लिए मतदान होगा. इस बार यह पद सामान्य वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है, यानी मुंबई को इस बार एक महिला मेयर मिलने जा रही है.
मेयर पद के लिए 7 फरवरी को नामांकन
7 फरवरी को नामांकन दाखिल किए जाएंगे. उसी दिन उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. चुनाव की देखरेख बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी करेंगे. अधिकारियों के मुताबिक, अगली बैठक में समिति के सदस्यों के नामों का भी ऐलान किया जा सकता है. यह भी पढ़े: मुंबई मेयर चुनाव से पहले शिंदे का ‘पावर गेम’, NCP के दोनों गुटों के पार्षद शिवसेना में शामिल, BMC में बढ़ी ताकत
15 जनवरी को को हुआ था मतदान
बता दें कि मुंबई महानगरपालिका चुनाव के लिए 15 जनवरी को मतदान हुआ था, जबकि 16 जनवरी को वोटों की गिनती पूरी की गई. इस चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जिसने 89 सीट जीती हैं, जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीट मिली हैं. वहीं, शिवसेना उद्धव गुट को 65 सीटें मिली हैं, जबकि राज ठाकरे की मनसे को सिर्फ 6 सीटों पर जीत हासिल हुई है.
मेयर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 114
मेयर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 114 सीटों का है, जिसे शिवसेना और भाजपा ने मिलकर पार कर लिया है. ऐसे में दोनों दल मिलकर अपने उम्मीदवार को मेयर बना सकते हैं. हालांकि, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि मेयर की कुर्सी भाजपा के पास जाएगी या शिवसेना शिंदे गुट के पास.
लोगों की नजर 11 फरवरी को
शहरवासियों की नजरें अब 11 फरवरी पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि मुंबई की कमान किस महिला पार्षद के हाथों में जाएगी और शहर का नया मेयर कौन बनेगा.