Ganeshotsav 2026: लालबागचा राजा के दर्शन के लिए कतार में खड़े 25 वर्षीय युवक की हार्ट अटैक से मौत

गणेशोत्सव के दौरान हर साल की तरह इस बार भी लालबागचा राजा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस और मंडल की ओर से व्यापक सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Mumbai News: गणेशोत्सव 2026 के दौरान मुंबई के प्रसिद्ध लालबागचा राजा के दर्शन के लिए लगी कतार में खड़े एक 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर हार्ट अटैक आने से मौत हो गई. यह घटना गुरुवार देर रात 17 सितंबर को हुई. पुलिस और चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, युवक की मौत भीड़भाड़ या भगदड़ के कारण नहीं, बल्कि अचानक आई मेडिकल इमरजेंसी की वजह से हुई.

पुणे से दोस्तों के साथ दर्शन करने आया था युवक

मृतक की पहचान जयदीप मेघराज नेमाडे के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जलगांव का रहने वाला था और नौकरी के सिलसिले में पुणे में रहता था. वह अपने दोस्तों के साथ लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में दर्शन के लिए मुंबई आया था.

रिपोर्ट के मुताबिक, 17 सितंबर की रात करीब 11:40 बजे दर्शन के लिए कतार में खड़े रहने के दौरान जयदीप ने अचानक बेचैनी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर उसके दोस्तों ने तुरंत पुलिस और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को सूचना दी. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल कतार से बाहर निकालकर पंडाल परिसर में बने मेडिकल हेल्प डेस्क तक पहुंचाया.

युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्बुलेंस से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की अंतिम पुष्टि

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि जयदीप की मौत गंभीर हार्ट अटैक (कार्डियक एपिसोड) के कारण हुई. हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी.

मैकेनिकल इंजीनियर और MBA थे जयदीप

जयदीप नेमाडे ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग के साथ MBA की पढ़ाई की थी और पुणे में नौकरी कर रहे थे. वह अपने परिवार के इकलौते बेटे थे. उनका परिवार जलगांव के शिरसोली रोड स्थित जीवनमोती सोसाइटी में रहता है. उनके पिता मेघराज सुभाष नेमाडे ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करते हैं, जबकि उनकी मां का करीब 12 वर्ष पहले निधन हो चुका था.

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जयदीप का पार्थिव शरीर जलगांव भेजा गया, जहां शनिवार, 19 सितंबर की सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया.

गणेशोत्सव के दौरान लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं लालबागचा राजा

गणेशोत्सव के दौरान हर साल की तरह इस बार भी लालबागचा राजा में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस और मंडल की ओर से व्यापक सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.

Share Now