Mumbai Mahim Station Stabbing Case: मुंबई में फिर चाकूबाजी से दहशत, माहिम स्टेशन के बाहर मामूली विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार

पुलिस फिलहाल यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं. हालांकि शुरुआती जांच में दोनों मामलों को अलग-अलग माना जा रहा है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मुंबई की उपनगरीय रेलवे सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है.

Local Train

Mumbai Mahim Station Stabbing Case: मुंबई में लोकल ट्रेन यात्री की हत्या के महज दो दिन बाद एक और चाकूबाजी की घटना सामने आई है. माहिम रेलवे स्टेशन के बाहर गुरुवार रात 35 वर्षीय नवीन प्रसन्ना पर कथित तौर पर मोबाइल फोन टूटने के विवाद में कई बार चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल नवीन को स्थानीय लोगों की मदद से सायन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. Mumbai Local Train Murder: रोशन सुवर्णा के परिवार का दावा- 'सोशल मीडिया ट्रायल' से नौकरी और सामान्य जिंदगी पर पड़ रहा असर

मोबाइल टूटने के विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस के मुताबिक, नवीन प्रसन्ना लोअर परेल स्थित अपने कार्यालय से काम खत्म कर लोकल ट्रेन से माहिम स्टेशन पहुंचे थे. रात करीब 10:15 बजे स्टेशन से बाहर निकलते समय उनका कथित तौर पर एक व्यक्ति से टकराव हो गया.

आरोप है कि टक्कर के दौरान दूसरे व्यक्ति का मोबाइल फोन गिरकर टूट गया. इसके बाद उसने नवीन से नुकसान की भरपाई करने की मांग की. जब नवीन ने पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने गुस्से में चाकू निकालकर नवीन के पेट पर कई वार किए और मौके से फरार हो गया.

15 घंटे तक बेहोश रहे घायल

नवीन प्रसन्ना के भाई सचिन ने बताया कि उनका भाई लोअर परेल की एक विज्ञापन, मनोरंजन और टेक्नोलॉजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम करता है. हमले के बाद वह करीब 15 घंटे तक बेहोश रहा. फिलहाल सायन अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है और डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

माहिम पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और शांति भंग करने के इरादे से अपमान करने का मामला दर्ज किया है.

पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ट्रेन से फरार हो गया. प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि आरोपी नशे का आदी हो सकता है. उसकी पहचान के लिए स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.

दो दिन पहले भी हुई थी ऐसी ही वारदात

यह घटना नालासोपारा जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेन में हुए हालिया हत्याकांड के महज 48 घंटे बाद सामने आई है, जिसमें मामूली विवाद के बाद एक 22 वर्षीय यात्री की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी.

पुलिस फिलहाल यह भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं. हालांकि शुरुआती जांच में दोनों मामलों को अलग-अलग माना जा रहा है. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने मुंबई की उपनगरीय रेलवे सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है.

Share Now