जरुरी जानकारी

Mumbai Local Mega Block on July 12: रविवार को सेंट्रल और हार्बर लाइन पर रहेगा मेगा ब्लॉक, यात्रा से पहले देखें मुंबई लोकल ट्रेनों का पूरा शेड्यूल

मुंबई लोकल के यात्रियों के लिए जरूरी खबर है. मध्य रेलवे 12 जुलाई 2026 को ट्रैक, सिग्नलिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव के लिए सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर मेगा ब्लॉक संचालित करेगा, जिससे लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी.

Mumbai Local Mega Block on July 12: रविवार को सेंट्रल और हार्बर लाइन पर रहेगा मेगा ब्लॉक, यात्रा से पहले देखें मुंबई लोकल ट्रेनों का पूरा शेड्यूल

   Mumbai Local Mega Block on July 12: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रविवार का दिन मुश्किलों भरा हो सकता है. मध्य रेलवे (Central Railway) रविवार, 12 जुलाई 2026 को अपने उपनगरीय नेटवर्क पर मेगा ब्लॉक संचालित करने जा रहा है. यह ब्लॉक मुख्य रूप से सेंट्रल और हार्बर लाइनों पर लिया जाएगा. रेलवे प्रशासन के अनुसार, पटरियों के रखरखाव, सिग्नलिंग प्रणाली और अन्य बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने के लिए यह आवश्यक ब्लॉक लिया जा रहा है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें.

सेंट्रल लाइन: धीमी लाइनों की ट्रेनें फास्ट ट्रैक पर चलेंगी

सेंट्रल लाइन पर छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से विद्याविहार के बीच अप और डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 03:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा.

  • डाउन स्लो लाइन: सीएसएमटी मुंबई से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 03:45 बजे तक छूटने वाली सभी डाउन धीमी लोकल ट्रेनों को सीएसएमटी और विद्याविहार स्टेशनों के बीच डाउन फास्ट लाइन पर डाइवर्ट किया जाएगा. ये ट्रेनें भायखला, परेल, दादर, माटुंगा, सायन और कुर्ला स्टेशनों पर रुकेंगी और विद्याविहार के बाद फिर से स्लो लाइन पर आ जाएंगी.

  • अप स्लो लाइन: घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 03:52 बजे तक छूटने वाली अप धीमी ट्रेनें विद्याविहार और सीएसएमटी के बीच अप फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी. ये लोकल कुर्ला, सायन, माटुंगा, दादर, परेल और भायखला स्टेशनों पर रुकते हुए सीएसएमटी पहुंचेंगी.

हार्बर लाइन: साढ़े पांच घंटे तक सेवाएं रहेंगी निलंबित

हार्बर लाइन पर सीएसएमटी-बांद्रा/चुनाभट्टी अप और डाउन लाइनों पर सुबह 11:10 बजे से शाम 04:40 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा. इस दौरान कई सेवाएं पूरी तरह रद्द रहेंगी.

  • सीएसएमटी से वाशी, बेलापुर और पनवेल के लिए सुबह 11:16 बजे से शाम 04:47 बजे तक छूटने वाली डाउन हार्बर लाइन सेवाएं बंद रहेंगी.

  • सीएसएमटी से बांद्रा और गोरेगांव के लिए सुबह 10:48 बजे से शाम 04:43 बजे तक जाने वाली डाउन सेवाएं निलंबित रहेंगी.

  • पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी के लिए सुबह 09:53 बजे से दोपहर 03:20 बजे तक चलने वाली अप हार्बर लाइन सेवाएं बंद रहेंगी.

  • गोरेगांव और बांद्रा से सीएसएमटी के लिए सुबह 10:45 बजे से शाम 05:13 बजे तक आने वाली अप सेवाएं भी रद्द रहेंगी.

यात्रियों के लिए राहत: ब्लॉक अवधि के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म नंबर 8) के बीच हर 20 मिनट के अंतराल पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी.

वेस्टर्न, ट्रांसहार्बर और उरण लाइन पर कोई ब्लॉक नहीं

इस रविवार को मध्य रेलवे की ट्रांसहार्बर लाइन (ठाणे-वाशी/नेरुल) और उरण लाइन पर किसी भी ब्लॉक की घोषणा नहीं की गई है. इन दोनों रूटों पर लोकल सेवाएं अपने निर्धारित समय के अनुसार सामान्य रूप से चलती रहेंगी.

इसके अतिरिक्त, पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने भी रविवार को कोई मेगा ब्लॉक नहीं रखने का फैसला किया है. चर्चगेट से दहानू रोड के बीच चलने वाली सभी वेस्टर्न लोकल ट्रेनें अपने तय समय सारणी के मुताबिक ही संचालित होंगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2026 11:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).