Mumbai Local Train Mega Block: मुंबई लोकल ट्रेन का 2 अगस्त को मध्य और पश्चिम रेलवे पर रहेगा मेगा ब्लॉक, कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, चेक करें डिटेल्स
मुंबई में 2 अगस्त 2026 (रविवार) को मध्य रेल और पश्चिम रेल द्वारा विभिन्न लाइनों पर मेगा ब्लॉक और जम्बो ब्लॉक संचालित किया जा रहा है. मध्य रेल पर मेन और हार्बर लाइन प्रभावित रहेंगी, जबकि पश्चिम रेल पर शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि में ब्लॉक रहेगा.
Mumbai Local Train Mega Block: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों में पटरियों की मरम्मत, सिग्नल सिस्टम और ओवरहेड इलेक्ट्रिकल उपकरणों के रखरखाव के लिए रविवार, 2 अगस्त 2026 को विभिन्न रूटों पर ब्लॉक रहेगा. मध्य रेलवे (Central Railway) जहां रविवार को मेन लाइन और हार्बर लाइन पर दिन का मेगा ब्लॉक संचालित करेगी, वहीं पश्चिम रेलवे (Western Railway) शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि जम्बो ब्लॉक आयोजित कर रही है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे शेड्यूल देखकर ही घर से बाहर निकलें.
CR: माटुंगा से मुलुंड के बीच ट्रेनों का डायवर्जन
मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा माटुंगा और मुलुंड स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 11:05 बजे से दोपहर 15:45 बजे तक ब्लॉक रहेगा.
-
डाउन फास्ट सेवाएं: छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सुबह 10:36 बजे से दोपहर 15:10 बजे के बीच छूटने वाली डाउन फास्ट लोकल ट्रेनों को माटुंगा स्टेशन से डाउन स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा. ये ट्रेनें माटुंगा और मुलुंड के बीच अपने निर्धारित सभी स्टेशनों पर रुकेंगी और गंतव्य पर लगभग 15 मिनट देरी से पहुंचेंगी. ठाणे के आगे जाने वाली फास्ट ट्रेनें मुलुंड से फिर से फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी.
-
अप फास्ट सेवाएं: ठाणे से सुबह 11:03 बजे से दोपहर 15:38 बजे के बीच छूटने वाली अप फास्ट लोकल ट्रेनों को मुलुंड से अप स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा. ये ट्रेनें माटुंगा तक सभी स्टेशनों पर रुकेंगी और फिर फास्ट लाइन पर लौटेंगी. ये सेवाएं भी 15 मिनट देरी से चलेंगी.
हार्बर लाइन: CSMT से पनवेल और गोरेगांव सेवाएं रद्द
हार्बर लाइन पर रखरखाव कार्य के चलते सीएसएमटी से चुनाभट्टी/बांद्रा के बीच बड़ा ब्लॉक रहेगा. डाउन हार्बर लाइन पर सुबह 11:40 बजे से शाम 16:40 बजे तक और अप हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 16:10 बजे तक सेवाएं प्रभावित रहेंगी.
-
रद्द रहने वाली ट्रेनें: CSMT से वाशी/बेलापुर/पनवेल (11:16 से 16:47 बजे) और बांद्रा/गोरेगांव (10:48 से 16:43 बजे) जाने वाली सभी डाउन सेवाएं रद्द रहेंगी. इसी प्रकार पनवेल/बेलापुर/वाशी से CSMT (9:53 से 15:20 बजे) और गोरेगांव/बांद्रा से CSMT (10:45 से 17:13 बजे) आने वाली सभी अप सेवाएं भी रद्द रहेंगी.
-
वैकल्पिक व्यवस्था: ब्लॉक अवधि के दौरान पनवेल से कुर्ला (प्लेटफॉर्म संख्या 8) के बीच हर 20 मिनट पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इसके अलावा हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 10:00 बजे से शाम 18:00 बजे तक मेन लाइन और वेस्टर्न रेलवे के माध्यम से यात्रा करने की अनुमति दी गई है.
WR: रविवार दिन में नहीं, शनिवार रात में रहेगा जम्बो ब्लॉक
पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने अपने यात्रियों के लिए राहत भरी खबर दी है कि रविवार, 2 अगस्त को दिन के समय कोई ब्लॉक नहीं रहेगा. दिनभर पश्चिमी लाइन पर लोकल ट्रेनें सामान्य समय सारणी के अनुसार ही संचालित होंगी.
हालांकि, शनिवार (1 अगस्त) और रविवार (2 अगस्त) की मध्यरात्रि को मुंबई सेंट्रल और माहिम स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइनों पर रात 00:25 बजे से तड़के 04:25 बजे तक 4 घंटे का नाइड जम्बो ब्लॉक रहेगा. इस दौरान फास्ट लाइन की ट्रेनों को चर्चगेट और सांताक्रुज के बीच स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा.
रेलवे प्रशासन ने बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और यात्री सुरक्षा के लिए इन रखरखाव कार्यों को जरूरी बताया है और यात्रियों से सहयोग की अपील की है
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 01, 2026 12:33 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

