मध्य प्रदेश में गर्मी ने बरपाया कहर, टूटा 28 साल पुराना रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वर्ष 1990 के बाद पहला ऐसा मौका है, जब अधिकतम तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में वर्ष 1990 के बाद पहला ऐसा मौका है, जब अधिकतम तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है. वहीं मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के बड़े हिस्से में लू का कहर बने रहने की संभावना जताई है. राज्य में बुधवार की सुबह से गर्मी का असर बेचैनी बढ़ा देने वाला है. तेज धूप है और गर्म हवाओं के कारण जन-जीवन प्रभावित हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी भोपाल में वर्ष 1990 के बाद पहला ऐसा मौका आया है, जब अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर चल रहा है.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में ग्वालियर, चंबल और सागर संभागों के अलावा कई अन्य जिलों में लू का कहर बना रहेगा.
राज्य में गर्मी का जोर चरम पर है. बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 26.2, ग्वालियर का 28.9 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 41.7 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 46.4 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रहा.
(The above story first appeared on LatestLY on May 30, 2018 11:29 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

