एजेंसी न्यूज

Bengaluru Rains: बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में अभी और बारिश का पूर्वानुमान, निवासियों की बढ़ी चिंता

बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में और बारिश का पूर्वानुमान है तथा बृहस्पतिवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है जो दिनचर्या में लौटने की तैयारी कर रहे है क्योंकि एक दिन पहले बारिश से थोड़ी राहत मिली और जलमग्न इलाकों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हुआ है.

Bengaluru Rains: बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में अभी और बारिश का पूर्वानुमान, निवासियों की बढ़ी चिंता
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits ANI)

बेंगलुरु, 8 सितंबर : बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में और बारिश का पूर्वानुमान है तथा बृहस्पतिवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है जो दिनचर्या में लौटने की तैयारी कर रहे है क्योंकि एक दिन पहले बारिश से थोड़ी राहत मिली और जलमग्न इलाकों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हुआ है. जो इलाके और अपार्टमेंट डूब गए हैं, वहां निवासी जल निकासी और अपने मकानों तथा भूतल से कीचड़ साफ करने की कोशिशें कर रहे हैं. बुरी तरह प्रभावित कुछ इलाकों में अब भी बत्ती गुल है और पेयजल की व्यवस्था भी नहीं है. हालांकि, अधिकारी बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिशों में जुटे हैं. बेंगलुरु में टूटा बारिश का 90 साल का रिकॉर्ड, सड़कें बनी सैलाब- अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट.

जलभराव से प्रभावित शहर के ज्यादातर हिस्सों में पानी की निकासी की गयी है, जिससे यातायात की आवाजाही बहाल हो गयी है. आउटर रिंग रोड तथा मरथाहल्ली और नजदीकी इलाकों में कुछ रास्तों पर अब भी जलभराव के कारण दिक्कतें आ रही है. बाढ़ग्रस्त इलाकों तथा अपार्टमेंट के कुछ निवासी नुकसान का आकलन करने तथा साफ-सफाई के लिए अपने घर लौट रहे हैं.

ये लोग पहले सुरक्षित स्थानों की तलाश में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों के घर या होटलों में चले गए थे. येमालुर के समीप एक इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने कहा, ‘‘हालात में धीरे-धीरे सुधार होने पर मैं, अपना घर देखने और सफाई करने के लिए गया लेकिन बाकी बचा पानी निकालने के लिए पम्प की कमी लग रही है क्योंकि अभी उनकी बहुत मांग है.

बिजली कटौती भी जारी है...उम्मीद करते हैं कि और भारी बारिश न हो.’’ मरथाहल्ली में एक अपार्टमेंट में रहने वाले एक अन्य निवासी ने ऐसी ही समस्या साझा करते हुए कहा कि और बारिश न हो वरना समस्या और बढ़ जाएगी. अपार्टमेंट के ज्यादार जनरेटर और बिजली के बैक-अप उपकरण खराब हो गए हैं क्योंकि भूतल में बाढ़ का पानी घुस गया था. बेंगलुरु में मौसम विज्ञान कार्यालय ने शहर में अगले 48 घंटों के लिए बृहस्पतिवार को सुबह अपने पूर्वानुमान में कहा कि हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने की प्रबल संभावना है.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 08, 2022 11:52 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).