Indore Couple Missing Case: 'मेघालय के सीएम झूठ बोल रहे हैं, पुलिस खुद साजिश में शामिल'; सोनम रघुवंशी के पिता का बड़ा आरोप, CBI जांच की मांग की (Watch Video)
इंदौर (MP) के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में एक और बड़ा मोड़ आ गया है.
Indore Couple Missing Case: इंदौर (MP) के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी के रहस्यमय तरीके से लापता होने के मामले में एक और बड़ा मोड़ आ गया है. इस पूरे घटनाक्रम में अब सोनम के पिता देवी सिंह रघुवंशी ने चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि मेघालय के मुख्यमंत्री और पुलिस दोनों ही इस मामले में झूठ बोल रहे हैं. उन्होंने सीधे CBI जांच की मांग कर दी है. देवी सिंह का कहना है कि उन्हें सोनम के बारे में जानकारी उनके बेटे गोविंद से मिली, जिसने बताया कि सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली है.
उन्होंने कहा, ''मेघालय पुलिस ने इस मामले में कोई जांच नहीं की. वह सिर्फ सोनम को फंसाने की कोशिश कर रही है.''
सोनम रघुवंशी के पिता ने लगाया गंभीर आरोप
' मैं 100% यकीन से कह सकता हूं...'
सोनम के पिता ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि मैं 100% यकीन से कह सकता हूं कि मेघालय पुलिस राजा की हत्या में शामिल है. इसलिए इस मामले में निष्पक्ष जांच के लिए तुरंत CBI को भेजा जाना चाहिए. देवी सिंह ने मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा पर भी सीधा हमला बोला. उन्होंने कहा, “सीएम झूठ बोल रहे हैं. उनकी भूमिका की भी जांच होनी चाहिए.
गृह मंत्री अमित शाह से मेरी अपील है कि वो इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत CBI जांच करवाएं.''
'सोनम और राजा की शादी अरेंज थी'
देवी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि सोनम और राजा की शादी अरेंज थी और दोनों की शादी से पहले कोई जान-पहचान नहीं थी. शादी के बाद ही दोनों हनीमून पर गए थे. उन्होंने यह भी बताया कि सोनम से उनकी अब तक कोई बात नहीं हो पाई है. केवल उनके बेटे गोविंद की सोनम से देर रात 2 बजे के करीब फोन पर बातचीत हुई थी.
उन्होंने आगे कहा, “मेरी बेटी किसी तरह से गाजीपुर पहुंची और ढाबे पर मिली. वह खुद वहां पहुंची थी. पुलिस ने उसे वहां से उठाया और अब उसे एक आश्रय केंद्र में रखा गया है. लेकिन जिस तरह से मेघालय पुलिस बयान दे रही है, वो साफ तौर पर दिखाता है कि वो इस मामले को गलत दिशा में मोड़ना चाहती है.”
क्या इस मामले की CBI जांच होगी?
इस बयान के बाद एक बार फिर पूरे मामले में नया विवाद खड़ा हो गया है. पहले ही राजा की हत्या और सोनम के गायब होने को लेकर सवाल उठ रहे थे, और अब सोनम के पिता ने भी मेघालय पुलिस पर शक जताकर मामले को और गंभीर बना दिया है.