लखीमपुर कांड पर मायावती, प्रमुख शिवपाल यादव और जयंत चौधरी ने सरकार पर बोला हमला
यूपी के लखीमपुर खीरी के निघासन में अपहरण के बाद दुष्कर्म कर दो बहनों की हत्या के मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सरकार पर हमला बोला है.
लखनऊ, 15 सितंबर : यूपी के लखीमपुर खीरी के निघासन में अपहरण के बाद दुष्कर्म कर दो बहनों की हत्या के मामले को लेकर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती, प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल यादव और रालोद प्रमुख जयंत चौधरी ने सरकार पर हमला बोला है. बसपा मुखिया मायावती ने ट्वीट कर कहा कि, लखीमपुर खीरी में मां के सामने दो दलित बेटियों का अपहरण व दुष्कर्म के बाद उनके शव पेड़ से लटकाने की हृदय विदारक घटना सर्वत्र चर्चाओं में है, क्योंकि ऐसी दु:खद व शर्मनाक घटनाओं की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम. यूपी में अपराधी बेखौफ हैं क्योंकि सरकार की प्राथमिकताएं गलत.
मायावती ने आगे कहा कि, यह घटना यूपी में कानून-व्यवस्था व महिला सुरक्षा आदि के मामले में सरकार के दावों की जबर्दस्त पोल खोलती है. हाथरस सहित ऐसे जघन्य अपराधों के मामलों में ज्यादातर लीपापोती होने से ही अपराधी बेखौफ हैं. यूपी सरकार अपनी नीति, कार्यप्रणाली व प्राथमिकताओं में आवश्यक सुधार करे. प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव ने यूपी सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि, लखीमपुर खीरी के निघासन थाना क्षेत्र में दो दलित बेटियों का अपहरण व दुष्कर्म के बाद उनके शव को पेड़ से लटकाने की नृशंस घटना दुर्भाग्यपूर्ण व हृदय विदारक है. ऐसी घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़ा करती हैं. दोषियों के खिलाफ त्वरित, पारदर्शी व कड़ी कार्रवाई करे सरकार. यह भी पढ़ें : बार काउंसिल ने उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने की वकालत की
राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत सिंह ने ट्वीट कर कहा कि लखीमपुर खीरी ने फिर रुला दिया. ऐसे जघन्य अपराध झकझोर देते हैं, समाज को शर्मसार करते हैं. गौरतलब है कि यूपी के लखीमपुर खीरी के निघासन क्षेत्र में बुधवार को दो बहनों का बाइक सवार युवकों ने अपहरण कर लिया था. इसके बाद उनके शव पेड़ से लटके मिले थे. दोनों बहनों से दुष्कर्म की आशंका जताई गई थी. इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 15, 2022 01:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

