Mathura Road Accident: मथुरा में भीषण सड़क हादसा, यमुना एक्सप्रेसवे पर बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत, मंजर देख लोगों की कांप उठी रूह; VIDEO
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ. दिल्ली से कानपुर जा रही एक प्राइवेट बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने रौंद दिया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई.
Mathura Road Accident Video: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक हृदय विदारक सड़क हादसा हुआ. सुरीर थाना क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को कुचल दिया. इस भीषण दुर्घटना में 6 यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल है. घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर चीख-पुकार मच गई और हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक निजी बस शनिवार सुबह करीब पौने तीन बजे यमुना एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी. रास्ते में कुछ यात्रियों ने लघुशंका (टॉयलेट) के लिए बस रोकने का अनुरोध किया. यह भी पढ़े: Baghpat Road Accident: बागपत में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, कोहरे के कारण आपस में टकराईं 14 गाड़ियां; कई लोग जख्मी; VIDEO
आरोप है कि बस चालक ने निर्धारित 'ग्रीन जोन' (सुरक्षित पार्किंग क्षेत्र) में बस न रोककर एक्सप्रेसवे के किनारे ही गाड़ी खड़ी कर दी. जैसे ही यात्री बस से नीचे उतरे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए निकल गया.
मथुरा में भीषण सड़क हादसा
मृतकों की पहचान और प्रशासनिक कार्रवाई
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया. हादसे में जान गंवाने वाले चार मृतकों की पहचान कर ली गई है:
-
सोनू (निवासी औरैया)
-
देवेश (निवासी बस्ती)
-
अस्लम (निवासी कन्नौज)
-
संतोष (निवासी प्रेम नगर, दिल्ली)
अन्य दो मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. घायल यात्री अमर दुबे को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं.
सुरक्षा नियमों की अनदेखी बनी वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हादसा मुख्य रूप से लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ. एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा और सुरक्षित स्टॉपेज के नियमों की अनदेखी अक्सर इस तरह की त्रासदियों का कारण बनती है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है.
यमुना एक्सप्रेसवे पर सर्दियों और तड़के के समय अक्सर कम दृश्यता (Low Visibility) रहती है, लेकिन पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त कोहरा नहीं था, जिससे चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही की बात पुख्ता होती है.