बिहार में इंसानियत हुई शर्मसार, 65 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, खड़गपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 65 वर्षीया महिला अपनी बेटी से मिलने के लिए हरपुर थाना क्षेत्र के शिशुआ गांव आई थी.
मुंगेर: बिहार के मुंगेर जिले के तारापुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश में आई है, जहां एक 40 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति पर 65 वर्षीया महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है. घटना के बाद से आरोपी फरार है.
पुलिस के अनुसार, खड़गपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 65 वर्षीया महिला अपनी बेटी से मिलने के लिए हरपुर थाना क्षेत्र के शिशुआ गांव आई थी. बेटी से मिलकर महिला रविवार को दोपहर के समय पैदल अपने गांव लौट रही थी.
आरोप है कि शिशुआ गांव निवासी गौतम मंडल (40) ने रास्ते में महिला को अकेले देखकर उसके साथ मारपीट की और फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया.
तारापुर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) महेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को बताया कि पीड़िता के बयान पर तारापुर थाने में दुष्कर्म की एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्तपताल, मुंगेर भेजा जा रहा है.
डीएसपी ने कहा की 48 घंटे के अंदर अगर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तब पुलिस अदालत के आदेश के बाद आरोपी के घर में कुर्की-जब्ती करेगी. पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2018 01:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

