गंगा में डुबकी लगाने से खत्म होगी गरीबी? महाकुंभ में बीजेपी नेताओं के स्नान पर खड़गे का तंज
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने बीजेपी नेताओं के महाकुंभ स्नान को लेकर बयान दिया है. खड़गे ने कहा कि 'गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी खत्म नहीं होगी'.
नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने बीजेपी नेताओं के महाकुंभ स्नान को लेकर बयान दिया है. खड़गे ने कहा कि 'गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी खत्म नहीं होगी'. बीजेपी-आरएसएस पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा, 'वो कहते हैं 'हर मस्जिद के नीचे शिवलिंग मत ढूंढ़ो' लेकिन लोगों को ऐसा करने के लिए उकसाते रहते हैं.' महू में बोलते हुए खड़गे ने कहा, 'गंगा में डुबकी लगाने के लिए बीजेपी नेताओं में होड़ मची है. गंगा में डुबकी लगाने से गरीबी दूर नहीं होगी. मैं किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाना चाहता.'
Mahakumbh 2025: एआई चैटबॉट तीर्थयात्रियों को पार्किंग, फूड कोर्ट और अस्पताल खोजने में कर रहा मदद.
मध्य प्रदेश के महू में एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे ने गंगा स्नान पर कटाक्ष करते हुए कहा,
"गंगा में डुबकी लगाने से गरीबों को रोटी नहीं मिलेगी, बच्चों को स्कूल नहीं मिलेगा, मजदूरों को मजदूरी नहीं मिलेगी." खड़गे ने यह भी कहा कि वह किसी की आस्था को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते, लेकिन गरीबी और बेरोजगारी जैसे असल मुद्दों पर ध्यान देना ज़रूरी है. उन्होंने आरएसएस और बीजेपी को "देशद्रोही" बताते हुए कहा कि ये पार्टियां संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं.
बीजेपी पर बड़ा हमला
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'आरएसएस-बीजेपी देशद्रोही हैं. गरीबी-बेरोजगारी से मुक्ति चाहिए तो संविधान की रक्षा करें.' खड़गे ने यह आरोप भी लगाया कि "बीजेपी और आरएसएस का स्वतंत्रता संग्राम में कोई योगदान नहीं था." उन्होंने कहा कि ये लोग आजादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजों के साथ खड़े थे और अब देश के मुद्दों को भटका रहे हैं.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि "इतने पाप किए हैं कि सात जन्मों में भी स्वर्ग नहीं जाएंगे.
संविधान बचाएं: खड़गे
डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए खड़गे ने कहा कि "जब बाबा साहेब अकेले दलितों और वंचितों के अधिकारों के लिए लड़ सकते थे, तो हम सब मिलकर क्यों नहीं लड़ सकते? अगर हम संविधान की रक्षा करेंगे, तो बीजेपी की सरकार हिल जाएगी." उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि यह लड़ाई कांग्रेस के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है.
बीजेपी का पलटवार
खड़गे के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी. बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा, "क्या खड़गे जी किसी और धर्म के बारे में ऐसा कह सकते हैं? उनका बयान सनातन धर्म के खिलाफ है और यह निंदनीय है. कांग्रेस को इस पर सफाई देनी चाहिए."
संबित पात्रा ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही पार्टी है जो सत्ता में आने पर "सनातन को खत्म करने" की बात करती है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 27, 2025 05:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

