सुपौल: बिहार (Bihar) के सुपौल जिले (Supaul District) से फूड पॉइजनिंग (Food Poisoning)(खाद्य विषाक्तता) की एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है. यहां एक श्राद्ध भोज में परोसी गई दाल में कथित तौर पर मरी हुई छिपकली मिलने के बाद दूषित खाना खाने से बच्चों समेत 150 से अधिक लोग बीमार हो गए. यह मामला त्रिवेणीगंज अनुमंडल के जदिया थाना क्षेत्र (Jadia Police Station Area) के अंतर्गत दतुआ गांव (वार्ड संख्या 10) का है. घटना के बाद प्रभावित लोगों को आनन-फानन में त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय (Triveniganj subdivision)अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. यह भी पढ़ें: Bhiwandi Food Poisoning: भिवंडी में 'फेमस शावरमा' स्टॉल का खाना खाकर 80 लोग अस्पताल में भर्ती, फूड पॉइजनिंग के बाद प्रशासन सख्त
भोज के दौरान दाल में मिली छिपकली, मचा हड़कंप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दतुआ गांव के निवासी छोटकेलाल यादव की पत्नी के निधन के बाद रविवार देर रात श्राद्ध कर्म के भोज का आयोजन किया गया था. इस सामुदायिक भोज में करीब 500 ग्रामीण शामिल हुए थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब लोग पंक्ति में बैठकर भोजन कर रहे थे, तभी परोसी गई दाल में एक पूरी मरी हुई छिपकली दिखाई दी. यही नहीं, कुछ ग्रामीणों का दावा है कि छोटे बच्चों को जहां खाना परोसा जा रहा था, वहां भी छिपकली के टुकड़े मिले.
दाल में छिपकली मिलने की बात फैलते ही कार्यक्रम में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई. भोजन करने के कुछ ही समय बाद बच्चों और बड़ों को पेट दर्द, उल्टी, सिरदर्द और घबराहट की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते बीमारों की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाना शुरू किया.
अस्पताल में 150 से अधिक मरीज भर्ती, बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. इंद्रदेव यादव ने बताया कि भोजन में छिपकली मिलने की खबर से लोगों में डर और घबराहट का माहौल बन गया था. उन्होंने पुष्टि की कि अस्पताल में 150 से अधिक मरीजों को उपचार के लिए लाया गया है, जिनमें 60 से 70 संख्या अकेले छोटे बच्चों की है.
राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने के कारण सभी मरीजों की स्थिति अब पूरी तरह स्थिर और नियंत्रण में बताई जा रही है. डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि सभी मरीज खतरे से बाहर हैं और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रही है. यह भी पढ़ें: Food Poisoning in Telangana: तेलंगाना में पानीपुरी खाने के बाद 15 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती
प्रशासनिक दौरा और पुलिस जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय जदिया थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे. त्रिवेणीगंज के ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) अभिनव भारती ने अस्पताल का दौरा कर मरीजों का हालचाल जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
पुलिस की शुरुआती जांच में दाल में मरी हुई छिपकली होने की बात सामने आई है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि खाना बनाते समय या परोसते समय किस स्तर पर यह बड़ी लापरवाही हुई. गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी अप्रिय घटना या जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, और पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है.













QuickLY